Home » क्राइम » शादी का झांसा दे कर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, महिला की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी

शादी का झांसा दे कर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, महिला की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी

राजस्थान - दुष्कर्म और ब्लैकमेल
अबतक इंडिया न्यूज अलवर 1 अक्टूबर । राजस्थान के अलवर में एक महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी के सिलसिले में राहुल भुगरा नाम के व्यक्ति से हुई थी. महिला का आरोप है कि राहुल ने दस्तावेजों से जुड़े काम का बहाना बनाकर उसे कई बार मिलने के लिए बुलाया. इसके बाद पारिवारिक विवाद और पत्नी से तलाक की बात कहते हुए उसने महिला को शादी का भरोसा दिलाया.

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने पहली बार उसे एक होटल में बुलाया. महिला का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो भी बना लिया. महिला के अनुसार, होश में आने के बाद जब उसने घटना का विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.
अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के बाद आरोपी ने उसे लगातार धमकाया. पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने उसे और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी. महिला के मुताबिक, इसके बाद भी आरोपी ने अलग-अलग जगहों, गाड़ियों और एक घर में उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने मामले से निकलने और मदद पाने के लिए आरोपी राहुल के भाई डॉ. सागर अरोड़ा से भी संपर्क किया था. महिला का आरोप है कि मदद करने के बजाय डॉ. सागर अरोड़ा ने भी उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
शादी के लिए दबाव  बनाया तो आरोपी ने बना ली दूरी 
बताया जा रहा है कि महिला ने जुलाई 2026 में आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया. महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने शादी करने से इनकार कर दिया और उसे धमकियां दीं. पीड़िता का दावा है कि लंबे समय तक शादी का भरोसा देने के बाद जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी पक्ष ने उससे दूरी बना ली. महिला ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि आरोपी परिवार मकान बेचकर कहीं चला गया है और फरार हो गया. इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अब महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *