अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 19 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए चार चरणों में हुए मतदान के बाद अब मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में मतों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए कुल 171 टेबलें स्थापित की गई हैं।
मतगणना के लिए पंचायत समिति क्षेत्रों के अनुसार अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। रूणिया, कोलायत, बीठनोक, बज्जू, हदां एवं श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्रों की मतगणना महाविद्यालय के भूतल पर होगी, जबकि शेष पंचायत समिति क्षेत्रों की मतगणना प्रथम तल पर निर्धारित कक्षों में की जाएगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक एवं दो गणना सहायकों की नियुक्ति की गई है।
बिना पहचान पत्र नहीं मिलेगा प्रवेश
मतगणना स्थल पर सुरक्षा एवं पारदर्शिता के मद्देनजर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। गणना कार्मिकों, उम्मीदवारों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणना अभिकर्ताओं के फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी किए गए हैं। वैध पहचान पत्र के बिना किसी को भी मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विशेष रूप से गणना अभिकर्ताओं को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी वैध पहचान पत्र के बिना प्रथम सुरक्षा घेरे में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। वहीं, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के लिए मेडिकल टीम मय एंबुलेंस तैनात रहेगी। मतगणना में नियुक्त कार्मिकों को सुबह 6 बजे ड्यूटी स्थल पर पहुंचना होगा। इसके बाद उन्हें पंचायत समिति क्षेत्र एवं गणना टेबल आवंटित की जाएगी।
सुबह 8 बजे तक प्राप्त डाक मतपत्रों को पंचायत समिति वार्डवार एवं जिला परिषद वार्डवार वर्गीकृत कर संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को उपलब्ध करवाया जाएगा।
अलग-अलग वर्गों के लिए प्रवेश एवं पार्किंग व्यवस्था
मतगणना स्थल पर अधिकारियों के प्रवेश के लिए मुख्य द्वार के बाईं ओर स्थित प्रवेश द्वार निर्धारित किया गया है। उनके वाहनों की पार्किंग मुख्य भवन के पास रहेगी। मतगणना स्टाफ एवं व्यवस्था में लगे कार्मिकों को मुख्य द्वार से प्रवेश दिया जाएगा तथा उनके वाहनों की पार्किंग मुख्य द्वार के दाईं ओर स्थित मैदान में होगी।
वहीं, अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणना अभिकर्ताओं के लिए आईटीआई कॉलेज के सामने स्थित द्वार से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। इनके वाहनों की पार्किंग मुख्य भवन के पीछे स्थित मैदान में निर्धारित की गई है।
प्रशासन ने मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को होने वाली मतगणना पर जिलेभर की निगाहें टिकी रहेंगी।












