Home » भारतीय रेल » बेटिकट यात्रियों पर जोधपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई, अक्टूबर में वसूले 1.22 करोड़ रुपए, 16 हजार से अधिक अनियमित यात्री पकड़े ; गंदगी फैलाने और धूम्रपान करने वालों पर भी गिरी गाज

बेटिकट यात्रियों पर जोधपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई, अक्टूबर में वसूले 1.22 करोड़ रुपए, 16 हजार से अधिक अनियमित यात्री पकड़े ; गंदगी फैलाने और धूम्रपान करने वालों पर भी गिरी गाज

अबतक इंडिया न्यूज 19 नवंबर जोधपुर । उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए गए सघन जांच अभियान में रेलवे को बड़ी सफलता मिली है। अक्टूबर माह के दौरान चलाए गए इस विशेष अभियान में चेकिंग स्टाफ ने 16 हजार से अधिक यात्रियों को पकड़ा और उनसे जुर्माने व किराए के रूप में कुल 1 करोड़ 22 लाख 73 हजार 716 रुपए का राजस्व वसूल किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। इसके तहत बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए 10,638 मामलों में यात्रियों से 80 लाख 2 हजार 773 रुपए की वसूली की गई। इसके अलावा, अनियमित टिकट (उच्च श्रेणी में यात्रा या अन्य अनियमितता) के 5,442 मामलों में किराया और जुर्माना मिलाकर 41 लाख 25 हजार 713 रुपए वसूले गए।

गंदगी और धूम्रपान पर भी सख्ती

टिकट जांच के साथ-साथ रेलवे परिसर और ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखने के लिए अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया:

  • धूम्रपान: 66 मामलों में 1 लाख 32 हजार रुपए जुर्माना।
  • गंदगी फैलाना: ट्रेन व प्लेटफॉर्म पर गंदगी फैलाने के 13 मामलों में 13 हजार रुपए की वसूली।
  • बिना बुक सामान: लगेज नियमों के उल्लंघन के 2 मामलों में 2,230 रुपए जुर्माना।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए उचित टिकट लेकर निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैध टिकट धारक यात्रियों के हितों की रक्षा और रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए यह सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *