Home » चिकित्सा » बीकानेर 55 माह से निशुल्क दवा योजना में प्रदेश में अव्वल, 22 नवंबर को चलेगा पल्स पोलियो अभियान,बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य 95% करने के निर्देश, मौसमी बीमारियों पर घर-घर सर्वे

बीकानेर 55 माह से निशुल्क दवा योजना में प्रदेश में अव्वल, 22 नवंबर को चलेगा पल्स पोलियो अभियान,बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य 95% करने के निर्देश, मौसमी बीमारियों पर घर-घर सर्वे

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 18 नवंबर। जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक बुधवार को जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग और संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ उनकी गुणवत्ता बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार की रोकथाम के लिए घर-घर सर्वे करवाने तथा रोगियों को अस्पतालों में सहज चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अस्पतालों में राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की बैठकें शत-प्रतिशत आयोजित करने को कहा, ताकि चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

टीकाकरण का लक्ष्य 95 प्रतिशत करने के निर्देश

बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर दिया गया। जिला कलेक्टर ने बच्चों के नियमित टीकाकरण का स्तर वर्तमान 93 प्रतिशत से बढ़ाकर आगामी एक माह में 95 प्रतिशत करने तथा इसके बाद शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीकरण बढ़ाने, चार गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच सुनिश्चित करने तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय पर पहचान कर सुरक्षित प्रसव करवाने पर जोर दिया।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत प्रत्येक बच्चे को आयरन की गोली उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को समन्वय से कार्य करने तथा जनवरी से शुरू होने वाले एनीमिया मुक्त भारत 2.0 की तैयारियां और प्रशिक्षण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की सराहना करते हुए वर्षांत तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा।

22 नवंबर को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद

बैठक के साथ ही 22 नवंबर को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की जिला टास्क फोर्स बैठक भी हुई। जिला कलेक्टर ने कहा कि पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में जिले में पूरी सतर्कता के साथ अभियान संचालित किया जाए तथा पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद पिलाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को पल्स पोलियो बूथ वाले विद्यालय रविवार को खुले रखने तथा विद्युत विभाग को अभियान के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

55 माह से प्रदेश में प्रथम, उत्कृष्ट चिकित्सा संस्थान सम्मानित

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा संस्थानों को भी सम्मानित किया गया
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा संस्थानों को भी सम्मानित किया गया
मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना के क्रियान्वयन में बीकानेर जिला लगातार 55 माह से प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध तथा योजना प्रभारी डॉ. नवल किशोर गुप्ता को बधाई दी।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा संस्थानों को भी सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राणेर दामोलाई, द्वितीय स्थान पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंबर 5 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कक्कू के प्रभारियों एवं संबंधित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीसी घीया, उप अधीक्षक डॉ. गौरी शंकर जोशी, जिला टीबी अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर मोदी, आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र तनेजा, डॉ. लोकेश गुप्ता सहित चिकित्सा, शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला और खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *