Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, लू और आंधी का अलर्ट जारी , पढ़ें ताजा अपडेट

प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, लू और आंधी का अलर्ट जारी , पढ़ें ताजा अपडेट

अबतक इंडिया न्यूज 23 अप्रैल । राजस्थान के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मौसम में कुछ जगहों पर उष्ण लहर और उष्ण रात्रि दर्ज होने के साथ ही मौसम शुष्क रहा.  आगामी दिनों में प्रचंड ‘हीटवेव’ की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने आमजन के लिए गाइडलाइन जारी की है. उप शासन सचिव शैफाली कुशवाहा ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही भारी पड़ सकती है, इसलिए ‘क्या करें और क्या न करें’ को समझना बेहद जरूरी है.

12 से 3 के बीच बाहर निकलने से बचें

विभाग ने सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें. अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनें और सिर को हमेशा छाते, टोपी या कपड़े से ढककर रखें.

क्या पिएं और किससे बचें?

खान-पान में सावधानी बरतते हुए पर्याप्त पानी पिएं. ओआरएस, लस्सी, छाछ और नींबू पानी जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन बढ़ा दें. खाली पेट बाहर न निकलें और ज्यादा प्रोटीन वाले या बासी भोजन से परहेज करें. साथ ही शराब, चाय, कॉफी और सोडा जैसे पेय पदार्थों से बचें, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी पैदा करते हैं.

इमरजेंसी आए तो घबराएं नहीं, ये करें

यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, बहुत ज्यादा पसीना आना, कमजोरी, सिरदर्द या जी मिचलाने जैसी समस्या हो, तो उसे तुरंत किसी ठंडी जगह पर ले जाएं. गीले कपड़े से उसके शरीर को पोंछें और उसे ओआरएस या नींबू पानी पिलाएं. यदि व्यक्ति बेहोश हो जाए या उसे तेज बुखार हो, तो यह हीट स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में बिना देरी किए टोल-फ्री नंबर 108 या 112 पर संपर्क करें या मरीज को नजदीकी अस्पताल ले जाएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *