अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 12 जून । तीसरी बटालियन आरएसी बीकानेर के परिसर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) मण्डल बीकानेर द्वारा ‘पुलिस सैलेरी पैकेज’ के सम्बन्ध में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह के दौरान विभाग में पदस्थापित रहे दिवंगत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी स्वर्गीय श्री नवरत्न के आश्रित परिवार को पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत 01 करोड़ 10 लाख रुपए की दुर्घटना बीमा क्लेम राशि का चेक सौंपा गया।
यह भारी-भरकम क्लेम राशि स्वर्गीय नवरत्न की धर्मपत्नी श्रीमती मोनिका एवं सुपुत्र कुनाल धारु को संयुक्त रूप से प्रदान की गई।

बैंक और पुलिस विभाग के समन्वय की मिसाल
यह पूरी क्लेम प्रक्रिया पुलिस विभाग और एसबीआई बैंक के आपसी तालमेल से बेहद पारदर्शी और सुगम तरीके से संपन्न हुई। आमतौर पर बीमा क्लेम के मामलों में लगने वाले लंबे समय के विपरीत, इस केस में त्वरित कार्रवाई की गई।
इतनी बड़ी क्लेम राशि को बिना किसी प्रशासनिक अड़चन के और बेहद कम समय में पास करने के लिए कमाण्डेन्ट श्रीमती सीमा हिंगोनिया ने एसबीआई बैंक प्रबंधन का विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में बैंक द्वारा दिया गया यह सहयोग विभाग के कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।
समारोह में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण अवसर पर मंच पर और सभा में दोनों विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से श्रीमती सीमा हिंगोनिया (कमाण्डेन्ट, तीसरी बटालियन आरएसी),सौम्य रंजन साहू (उपमहाप्रबंधक – DGM, बीकानेर अंचल, एसबीआई), सुजित कुमार सुमन (रिजनल मैनेजर – AGM, एसबीआई),धर्मवीर (सहायक महाप्रबंधक डिपोजिट DVAS – AGM, एसबीआई),शामिल रहे ।
समारोह के दौरान तीसरी बटालियन आरएसी बीकानेर के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, एसबीआई बैंक के प्रतिनिधि और स्वर्गीय नवरत्न के परिजन व सहकर्मी उपस्थित रहे। उपस्थित वक्ताओं ने एसबीआई के ‘पुलिस सैलेरी पैकेज’ की सराहना करते हुए इसे पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए एक बेहतरीन सुरक्षा कवच बताया।











