अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 7 अगस्त। जिला कलक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, जिला महिला समाधान समिति एवं सखी वन स्टॉप सेंटर की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर ने सखी वन स्टॉप सेंटर प्रथम के भवन निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। वहीं सखी वन स्टॉप सेंटर द्वितीय के लिए कांस्टेबल नियुक्त करने के निर्देश दिए। जिला महिला समाधान समिति के अंतर्गत महिला सुरक्षा सलाह केंद्र के संचालन के लिए संस्थाओं का चयन किया गया तथा दो अन्य महिला सुरक्षा सलाह केंद्रों की अवधि नियमानुसार एक वर्ष के लिए बढ़ाई गई।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि कन्या वाटिका कार्यक्रमों के अनुमोदन के बाद पॉडकास्ट के माध्यम से पुलिस, चिकित्सा, अपराध शाखा एवं अन्य विभागों के विशेषज्ञों के साथ संवाद आयोजित किए जाएं तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने नव्या कार्यक्रम के तहत ब्लॉक स्तर पर महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा पंचायती राज विभाग के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित करने तथा बालिकाओं के प्रोत्साहन के लिए संवाद कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए।
महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत गत तीन माह में विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया गया है। उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष में प्राप्त बजट, उसके व्यय तथा शेष बजट के संबंध में निदेशालय को जिला एक्शन प्लान प्रेषित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला एक्शन प्लान के अंतर्गत पॉडकास्ट, टॉक शो, साक्षात्कार, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किशोरियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर कार्यशालाओं का भी आयोजन प्रस्तावित है। साथ ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में साथिनों के क्षमता वर्धन प्रशिक्षण का आयोजन भी किया जा चुका है।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किरण, शिक्षा विभाग, समेकित बाल विकास सेवाएं, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पीबीएम अस्पताल तथा महिला सुरक्षा सलाह केंद्र, सखी वन स्टॉप सेंटर एवं महिला अधिकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











