Home » भारतीय रेल » त्योहारों की भीड़ के बीच रेलवे अलर्ट,डीआरएम त्रिपाठी ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान

त्योहारों की भीड़ के बीच रेलवे अलर्ट,डीआरएम त्रिपाठी ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान

Railway

अबतक इंडिया न्यूज 10 नवंबर जोधपुर। दीपावली के बाद घर लौटने और छठ पूजा के लिए उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच रेलवे ने स्टेशन पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने की कवायद तेज कर दी है। यात्रियों का सफर सुगम बनाने के लिए मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म से लेकर यात्री सुविधाओं तक हर व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को साफ-सफाई तथा भीड़ प्रबंधन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने सभी प्लेटफॉर्म का निरीक्षण करते हुए जगह घेरने वाली अनावश्यक वस्तुओं को तत्काल हटाने को कहा। उन्होंने रेल पटरियों के बीच बिखरी गंदगी की नियमित सफाई,टिकट काउंटरों पर यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने और पर्याप्त पेयजल व रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कम चौड़ाई वाले प्लेटफॉर्म पर पार्सल का जल्द निस्तारण करने पर भी जोर दिया,ताकि यात्रियों की आवाजाही बाधित नहीं हो।

निरीक्षण के दौरान लिफ्ट और एस्केलेटर का सुचारू संचालन,शौचालयों की नियमित सफाई तथा कोच गाइडेंस डिस्प्ले की कार्यशीलता भी जांच के दायरे में रही। डीआरएम ने ट्रेनों के आगमन से पहले समय पर उद्घोषणा करने और टिकट जांच व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं,प्लेटफॉर्म पर संचालित खानपान इकाइयों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच करने को कहा।

यात्रियों से जाना सुविधाओं का हाल

डीआरएम ने कहा कि जोधपुर आने और यहां से रवाना होने वाले यात्रियों को स्टेशन पर किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखें। उन्होंने ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया, ताकि जरूरत के अनुसार व्यवस्थाओं में सुधार किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ललित कुमार सहित मंडल के अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *