सोनिया गांधी की किताब पर भड़की जेडीयू, संजय झा बोले- नीतीश कुमार पर की गईं ओछी टिप्पणियां
सोनिया गांधी के संस्मरण में नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी पर जेडीयू ने नाराजगी जताई है. पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बुधवार को कहा कि सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में नीतीश कुमार के खिलाफ ओछी और निरर्थक टिप्पणियां की हैं. संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को एकजुट कर इंडिया गठबंधन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने याद दिलाया कि 2023 में नीतीश ने विपक्षी नेताओं की पहली बैठक की मेजबानी की थी. झा ने कहा कि गठबंधन का गठन नीतीश की विश्वसनीयता के कारण संभव हुआ था.
सोनिया गांधी की किताब पर बंगाल के मंत्री बोले- प्रणब मुखर्जी पर टिप्पणी करना गलत
सोनिया गांधी की किताब में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से जुड़े उल्लेख पर पश्चिम बंगाल के मंत्री शरदवत मुखर्जी ने आपत्ति जताई है. कोलकाता में उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी जैसे वरिष्ठ नेता पर टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति बनने के बाद व्यक्ति के पद और कुर्सी का सम्मान करना जरूरी है. मंत्री ने प्रणब मुखर्जी को देश का दिग्गज नेता बताते हुए कहा कि भारत में उनके जैसा नेता नहीं हुआ. उन्होंने सोनिया गांधी पर भारतीय परंपराओं की समझ को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्हें देश की परंपराओं का सम्मान करना सीखना चाहिए.
सोनिया गांधी की किताब पर सिख समुदाय की नाराजगी, जगदीप सिंह बोले- पुराने जख्मों पर नमक छिड़क रही कांग्रेस
सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव जगदीप सिंह ने 1984 के सिख विरोधी दंगों और ऑपरेशन ब्लू स्टार के उल्लेख पर नाराजगी जताई है. उन्होंने किताब को झूठ का पुलिंदा बताते हुए आरोप लगाया कि इसमें तत्कालीन घटनाओं को सही ठहराने की कोशिश हुई है. जगदीप सिंह ने सवाल किया कि अगर राजीव गांधी सिखों के बचाव में थे तो दिल्ली में तीन दिन तक हिंसा कैसे जारी रही? उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधा और कहा कि ऐसी बातें सिख समुदाय के पुराने जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी हैं.
सोनिया गांधी सुपर पीएम थीं, कई पदों पर रहीं’- सुधांशु त्रिवेदी
सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि 1999 में सोनिया गांधी खुद प्रधानमंत्री बनना चाहती थीं. उन्होंने कहा कि बाद में प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बावजूद सोनिया गांधी ने कैबिनेट मंत्री के बराबर प्रभाव वाले कई पद संभाले. त्रिवेदी ने राष्ट्रीय सलाहकार परिषद यानी NAC के अध्यक्ष पद का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी के पास सरकार में सुपर पीएम जैसा अधिकार था. उन्होंने इसे ‘सुपर कैबिनेट’ की व्यवस्था बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा.












