अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 13 अप्रैल।पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में घुटना उपचार हेतु नवीनीकृत आर्थो बायोलॉजिक रिजनरेटिव कंस्ट्रेट क्लिनिक, रैम्प एवं लिफ्ट का लोकार्पण मंगलवार प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर भामाशाहों का सम्मान भी किया जाएगा।
ट्रॉमा सेंटर निदेशक एवं क्लिनिक के मुख्य प्रभारी डॉ. बी.एल. खजोटिया ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त बीकानेर विश्राम मीणा होंगे। कार्यक्रम में भामाशाह श्री मघाराम कुलरिया (सिलवास, नोखा), भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक अरविंद भट्ट, एस.पी. मेडिकल कॉलेज की अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य तथा पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. धीया सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
डॉ. खजोटिया ने बताया कि बीआरसी क्लिनिक में स्थापित मशीनें राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से प्राप्त रिसर्च ग्रांट तथा नोखा के भामाशाह कुलरिया परिवार एवं भारतीय स्टेट बैंक के सीएसआर फंड से उपलब्ध करवाई गई हैं।
क्लिनिक प्रभारी डॉ. अजय कपूर ने बताया कि जीएफसी (GFC) पद्धति के माध्यम से आर्थराइटिस के प्रारंभिक चरण में बिना ऑपरेशन के उपचार काफी प्रभावी सिद्ध हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान मरीजों के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से क्लिनिक की कार्यप्रणाली का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाएगा।उन्होंने बताया कि यह क्लिनिक प्रत्येक मंगलवार को ट्रॉमा सेंटर के कक्ष संख्या 26 में संचालित किया जा रहा है।










