Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » आईएफडब्ल्यूजे जोधपुर जिला इकाई ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन,जैसलमेर में पत्रकार के साथ हुए कथित प्रशासनिक अन्याय की निष्पक्ष जांच की मांग की

आईएफडब्ल्यूजे जोधपुर जिला इकाई ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन,जैसलमेर में पत्रकार के साथ हुए कथित प्रशासनिक अन्याय की निष्पक्ष जांच की मांग की

अबतक इंडिया न्यूज जोधपुर 7 जून । इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) जोधपुर जिला इकाई के नेतृत्व में रविवार को राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठ पत्रकार एवं आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिँह राठौड़ के साथ जैसलमेर में हुए कथित प्रशासनिक अन्याय की निष्पक्ष जांच तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
जोधपुर जिला अध्यक्ष प्रदीप जोशी के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल में रंजन दवे, जितेंद्र डूडी, भूपेंद्र बिश्नोई, समीर खान, प्रकाश शर्मा, जितेंद्र पुरोहित, लक्षिता दवे एवं मुकेश श्रीमाली सहित कई पत्रकार शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि जैसलमेर में मार्च माह में घटित घटनाक्रम पत्रकारिता की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर प्रहार है।

ज्ञापन में कहा गया कि उपेंद्र सिंह राठौड़ वर्ष 2004 से विधिवत अनुमति के आधार पर संचालित अपने रेस्टोरेंट का संचालन कर रहे थे, लेकिन प्रशासन द्वारा कथित रूप से बिना उचित प्रक्रिया अपनाए उनके प्रतिष्ठान के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पत्रकारों का आरोप है कि पर्यटन स्थल की सुरक्षा संबंधी सुझाव देने तथा तत्कालीन जिला प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवालों के बाद उनके साथ प्रतिशोधात्मक रवैया अपनाया गया।

पत्रकारों ने आरोप लगाया कि मार्च में रेस्टोरेंट को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। संगठन ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय, स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कराने, जांच पूर्ण होने तक संबंधित कार्रवाईयों पर रोक लगाने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा उपेंद्र सिंह राठौड़ की आजीविका की पुनर्स्थापना एवं आर्थिक क्षति की भरपाई सुनिश्चित करने की मांग की।

विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया गया कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करवाएं, ताकि पत्रकारिता की स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *