अबतक इंडिया न्यूज 12 जून । राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. प्रतापगढ़ जिले में अरनोद थाना क्षेत्र के देवल्दी गांव में मोस्ट वांटेड तस्कर शाहरुख उर्फ टोनी और उसके भाइयों द्वारा सरकारी व अवैध कब्जे की सवा बीघा जमीन पर बनाए गए ठिकाने को दो जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. इस कार्रवाई के दौरान तस्करों द्वारा बनाई गई पानी की टंकी, दो कमरे, चद्दर के शेड और खेती के अतिक्रमण को पूरी तरह हटा दिया गया. इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच थानों के पुलिस अधिकारियों सहित भारी पुलिस जाप्ता और राजस्व टीम मौके पर मुस्तैद रही.
देवल्दी गांव में बना यह मकान शाहरुख उर्फ टोनी का एक सुरक्षित खुफिया गढ़ था. इस मकान को विशेष रणनीति के तहत इस तरह डिजाइन किया गया था कि इसके पीछे की खिड़कियां सीधे खेतों की ओर खुलती थीं. पिछले चार सालों से जब भी पुलिस दबिश देने आती, तस्कर इसी रास्ते का फायदा उठाकर खेतों में भाग जाते थे. इस बार सीआई शिवलाल मीणा ने थाने में गुप्त मीटिंग कर अलग-अलग टीमें बनाईं और मैप के जरिए रास्तों की नाकाबंदी की, जिसके कारण तस्कर इस बार पुलिस के चक्रव्यूह से बच नहीं सका.
देवल्दी गांव में अवैध निर्माण को ढहाने की यह कार्रवाई का नेतृत्व अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने किया. कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर अरनोद के साथ-साथ कोटड़ी, सालमगढ़, धमोत्तर, प्रतापगढ़, रठांजना थानों का पुलिस बल और पुलिस लाइन का अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया था. प्रशासन की ओर से तहसीलदार नितिन मेरावत खुद मौके पर मौजूद रहे. दो जेसीबी मशीनों ने तस्कर के सवा बीघा में फैले साम्राज्य, जिसमें अवैध रूप से निर्मित दो कमरे, पानी की टंकी और बाउंड्री शामिल थी, को पूरी तरह जमींदोज कर दिया.
इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि तस्कर शाहरुख उर्फ टोनी की हालिया गिरफ्तारी से जुड़ी है. कुछ दिनों पहले पुलिस ने देवल्दी गांव में मुखबिर की सूचना पर दबिश दी थी, जहां से शाहरुख और उसका साथी जेरी उर्फ सारिक अपनी स्पोर्ट्स बाइक से कच्चे रास्तों से भागने लगे थे. पुलिस टीम ने करीब 3 किलोमीटर तक पीछा किया, जिस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग भी की थी. इसके बावजूद बहादुर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शाहरुख को धर दबोचा था, जबकि उसका साथी जेरी भागने में सफल रहा. पुलिस ने शाहरुख के पास से एक पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस और स्पोर्ट्स बाइक बरामद की थी. पुलिस ने बताया कि शाहरुख और उसके तीन अन्य भाई भी तस्करी के मामलों में शामिल रहे हैं और वर्तमान में चारों भाई जेल में बंद हैं.











