Home » क्राइम » ट्रेन में धूम्रपान पर जोधपुर रेलवे मण्डल की सख्ती, जोधपुर मंडल में 62 यात्रियों से 1.24 लाख रुपए वसूले

ट्रेन में धूम्रपान पर जोधपुर रेलवे मण्डल की सख्ती, जोधपुर मंडल में 62 यात्रियों से 1.24 लाख रुपए वसूले

अबतक इंडिया न्यूज 29 जुलाई जोधपुर। ट्रेनों और रेलवे परिसरों में धूम्रपान करने वाले यात्रियों के खिलाफ उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने सख्ती बढ़ा दी है। मंडल में चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान के साथ अब धूम्रपान करने वाले यात्रियों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जा रहा है।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार टिकट जांच अभियान के दौरान धूम्रपान करने वाले यात्रियों के विरुद्ध भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संशोधित जन विश्वास अधिनियम के तहत ट्रेन अथवा रेलवे परिसर में धूम्रपान करते पाए जाने पर जुर्माने की राशि दो सौ रुपए से बढ़ाकर दो हजार कर दी गई है। इस सख्त प्रावधान का उद्देश्य रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रेल परिसरों को धूम्रपान मुक्त बनाना है।

उन्होंने बताया कि जोधपुर मंडल में जुलाई माह के दौरान अब तक 62 यात्री ट्रेनों और रेलवे परिसर में धूम्रपान करते पकड़े गए हैं। इन सभी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 1.24 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है। रेलवे का कहना है कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के ठोस कार्रवाई की जाएगी।

सीनियर डीसीएम ने यात्रियों से अपील की कि वे ट्रेन और रेलवे परिसर में धूम्रपान करने से बचें। धूम्रपान से आग लगने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है,वहीं धुएं से अन्य यात्रियों,विशेषकर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी असुविधा होती है। रेलवे ने यात्रियों से सुरक्षित,स्वच्छ और अनुशासित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेल नियमों का पालन करने तथा धूम्रपान मुक्त रेल वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *