अबतक इंडिया न्यूज जोधपुर, 08 दिसम्बर। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी द्वारा सिग्नल लोकेशन पुस्तिका – नवंबर 2025 संस्करण का विमोचन किया गया। यह पुस्तिका रेलवे सिग्नलिंग से जुड़े तकनीकी कार्यों में मानकों, सटीकता और दक्षता सुनिश्चित करने हेतु एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

विमोचन समारोह के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर एवं वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर अनुपम कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय मनोहर सिंह एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर पश्चिम तरुण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिकारियों ने पुस्तिका के नवीन संस्करण को रेलवे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, सुरक्षा और संचालन की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम बताया।
डीआरएम ने कहा कि सिग्नल लोकेशन पुस्तिका का अद्यतन संस्करण तकनीकी टीमों को फील्ड में अधिक सटीक एवं सुरक्षित कार्य करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इसके प्रभावी उपयोग के निर्देश भी दिए।









