Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » श्री डूंगरगढ़ में बिजली-पानी संकट,19 मई को उपखंड मुख्यालय पर कांग्रेस करेगी हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन

श्री डूंगरगढ़ में बिजली-पानी संकट,19 मई को उपखंड मुख्यालय पर कांग्रेस करेगी हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन

अबतक इंडिया न्यूज श्रीडूंगरगढ़ 17 मई । श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भीषण गर्मी के दौर में आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी श्रीडूंगरगढ़, सूडसर एवं नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में 19 मई (मंगलवार) को सुबह 11 बजे से उपखंड मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के शामिल होने की अपील की हैं।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछले काफी समय से जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। दिन और रात में बार-बार बिजली गुल होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, साथ ही घरों के बिजली उपकरण भी जल रहे हैं। जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान हो रहा हैं। गर्मी के इस मौसम में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पेयजल संकट ने भी हालात गंभीर बना दिए हैं। कई क्षेत्रों में समय पर पानी की सप्लाई नहीं हो रही, वहीं लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और संबंधित विभाग आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। बार-बार शिकायतों और मांगों के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने अब सड़क पर उतरकर आंदोलन करने का निर्णय लिया है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली कटौती पर रोक लगाने, नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग करेंगे। नेताओं ने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर (देहात) अध्यक्ष बिशनाराम सियाग की ओर से क्षेत्र के लोगों, किसानों, युवाओं और व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन केवल राजनीतिक नहीं बल्कि आमजन के हक और सुविधाओं के लिए किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *