Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » उद्यान में मचा कोहराम! टॉय ट्रेन ने ले ली 5 साल की मासूम की जान

उद्यान में मचा कोहराम! टॉय ट्रेन ने ले ली 5 साल की मासूम की जान

अबतक इंडिया न्यूज जोधपुर 2 जून । जोधपुर के  मंडोर उद्यान में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें टॉय ट्रेन की सवारी के दौरान पांच साल की मासूम बच्ची की जान चली गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों ने ट्रेन चालक और संचालन करने वाली एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है.यह घटना 31 मई की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, बरकत साहब की हवेली बम्बा स्कूल क्षेत्र निवासी मोहम्मद हबीब अपने परिवार के साथ मंडोर उद्यान घूमने पहुंचे थे. यहां परिवार ने टॉय ट्रेन की सवारी की, जिसमें उनकी पांच वर्षीय बेटी अमायरा और भतीजी मुस्कान भी साथ थीं.

परिजनों का आरोप है कि जब टॉय ट्रेन मंडोर स्थित काला-गोरा भैरूजी मंदिर के पास पहुंची, तभी अचानक चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए. इस झटके से बच्ची अमायरा अपना संतुलन खो बैठी और ट्रेन से नीचे गिर गई. आरोप यह भी है कि गिरने के बावजूद ट्रेन नहीं रोकी गई और उसका पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.

परिवार का कहना है कि जैसे ही हादसा हुआ, लोगों ने तुरंत ट्रेन रोकने की आवाजें लगाईं. “ट्रेन रोको… ट्रेन रोको” की पुकार भी की गई, लेकिन समय पर ट्रेन नहीं रोकी गई. इस बीच बच्ची को बचाने की कोशिश में उसकी चचेरी बहन मुस्कान भी नीचे उतरी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. दोनों बच्चों को तुरंत मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमायरा को मृत घोषित कर दिया. इस खबर के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे घर में मातम छा गया.

घटना के बाद परिजनों ने मंडोर थाना पहुंचकर ट्रेन चालक और टॉय ट्रेन संचालन करने वाली एजेंसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा आखिर किन हालात में हुआ. वहीं, शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि टॉय ट्रेन में बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम पूरे नहीं थे. बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष विक्रम सरगरा ने मौके का निरीक्षण किया और कई खामियां पाई गईं, जिनमें सुरक्षा गेट और मजबूत हैंडल की कमी शामिल है. फिलहाल जांच पूरी होने तक टॉय ट्रेन का संचालन रोक दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *