अबतक इंडिया न्यूज जयपुर 1 मई । राजस्थान में आज यानी 1 मई 2026 से जनगणना 2027 के पहले चरण ‘हाउस लिस्टिंग’ की शुरुआत हो गई है. प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) ने जयपुर में सबसे पहले अपना स्व-गणना (Self Enumeration) प्रपत्र भरकर इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ किया है.
प्रदेश में आज से जनगणना प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसके अंतर्गत मैंने अपना स्वयं-गणना प्रपत्र डिजिटल माध्यम से भरकर पूर्ण किया है।
सभी प्रदेशवासियों से आग्रह है कि जिम्मेदार नागरिक बनकर जनगणना को सफल बनाएँ और देश के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित करें।#Census2027 #जनगणना2027 pic.twitter.com/ANbCKFqgFk
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) May 1, 2026
सीएम ने सोशल मीडिया के जरिए प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं. उन्होंने कहा, ‘सटीक जानकारी ही सरकार की योजनाओं को हर पात्र नागरिक तक पहुंचाने में मदद करेगी.’ सीएम ने खुद ऑनलाइन फॉर्म भरकर यह संदेश भी दिया कि तकनीक के माध्यम से समय की बचत की जा सकती है.

पहली बार घर बैठे खुद गणना करने की सुविधा
इस बार की जनगणना बेहद खास है क्योंकि पहली बार नागरिकों को वेब पोर्टल के जरिए अपनी जानकारी खुद भरने का विकल्प दिया गया है. सभी नागरिक 1 मई से 15 मई के बीच http://se.census.gov.in पर जाकर अपनी डिटेल खुद भर सकते हैं. अगर आप खुद फॉर्म भरते हैं, तो जब कर्मचारी आपके घर आएंगे, तो आपको लंबी कागजी कार्यवाही नहीं करनी होगी, बस अपनी SE ID दिखानी होगी.
तैयार रखें इन 33 सवालों के जवाब
जनगणना कर्मचारी जब आपके घर पहुंचेंगे, तो वे आपसे कुल 33 सवाल पूछेंगे. इनमें प्रमुख हैं:-
मकान का नंबर, फर्श, दीवार और छत किस सामग्री से बनी है?
परिवार के मुखिया का नाम, जेंडर और क्या वे एससी/एसटी वर्ग से हैं?
मकान अपना है या किराए का? परिवार के पास रहने के लिए कितने कमरे हैं?
पीने के पानी और रोशनी का मुख्य स्रोत क्या है?
शौचालय की सुविधा, गंदे पानी की निकासी और रसोईघर की क्या व्यवस्था है?
खाना पकाने के लिए कौन सा ईंधन (LPG/PNG) इस्तेमाल होता है?
घर में टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप, स्मार्टफोन, साइकिल, कार या बाइक जैसी कितनी सुविधाएं मौजूद हैं?
परिवार मुख्य रूप से खाने में किस अनाज का इस्तेमाल करता है?










