Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » बीकानेर : नकली खाद-बीज और रिश्वत कांड पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने मांगा कृषि मंत्री का इस्तीफा ,पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई के फ्लैट और FPO में भागीदारी की निष्पक्ष जांच की मांग

बीकानेर : नकली खाद-बीज और रिश्वत कांड पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने मांगा कृषि मंत्री का इस्तीफा ,पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई के फ्लैट और FPO में भागीदारी की निष्पक्ष जांच की मांग

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 10 जून । राजस्थान में नकली खाद-बीज और कथित रिश्वत प्रकरण को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। इस पूरे मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने एक प्रेस वार्ता कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीकानेर कांग्रेस जिला प्रभारी व विधायक शिमला नायक तथा देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिश्नाराम सियाग ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में सीधे तौर पर पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई, पब्बाराम बिश्नोई और प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा को कटघरे में खड़ा किया है।


जुगलकिशोर के तार पूर्व विधायक से जुड़े, फ्लैट की हो जांच: बिश्नाराम सियाग

​प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिश्नाराम सियाग ने सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे महाघोटाले का मुख्य आरोपी जुगलकिशोर बिश्नोई है, जिसके तार सीधे तौर पर पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई से जुड़े हुए हैं।

​” अन्नदेव नामक एफपीओ (FPO) में बिहारीलाल बिश्नोई के परिवार की सीधी भागीदारी है। मुख्य आरोपी जुगलकिशोर को जिस फ्लैट से गिरफ्तार किया गया है, वह फ्लैट भी कथित रूप से बिहारीलाल बिश्नोई का ही है। इस पूरे खेल में जो मोटा पैसा इधर से उधर हुआ है, वह कहाँ से आया? इसकी गहनता से जांच होनी चाहिए।”

 

​सियाग ने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में मंत्री, पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई और पब्बाराम बिश्नोई की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक कृषि मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें, या फिर सरकार उन्हें तुरंत बर्खास्त करे, अन्यथा वे पद पर रहते हुए जांच को प्रभावित कर सकते हैं।

​” मंत्री करते रहे कार्रवाई, पीछे उनके साथी करते रहे उगाही” : शिमला नायक

​प्रेस वार्ता में मौजूद बीकानेर प्रभारी एवं विधायक शिमला नायक ने भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों के नाम पर और उनकी आड़ में करोड़ों रुपये की अवैध उगाही का खेल खेला गया है।
​शिमला नायक ने सवाल उठाया कि, “जब विभाग द्वारा छापेमारी की कार्रवाई की जा रही थी, तो इस रैकेट के पीछे बैठे ‘बड़े मगरमच्छों’ पर मुकदमे दर्ज क्यों नहीं किए गए? ऐसा प्रतीत होता है कि एक तरफ मंत्री कार्रवाई का दिखावा करते रहे और दूसरी तरफ उनके पीछे उनके ही साथी उगाही के खेल को अंजाम दे रहे थे।” उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले में पैसों के लेन-देन और आरोपी के ठिकानों की बारीकी से जांच कर दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

​ प्रेस वार्ता में कांग्रेस के दिग्गज रहे मौजूद
​इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार को घेरने की रणनीति साफ कर दी है। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, पूर्व अध्यक्ष यशपाल गहलोत सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में लीपापोती की गई तो पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *