अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 24 जून । देशनोक के कोटासर गली के निवासियों ने मोहल्ले में बिजली के एक पोल और ढीले तारों के कारण पैदा हुए गंभीर और जानलेवा खतरे की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। इस संबंध में पूर्व पार्षद एवं पूर्व भाजपा अध्यक्ष लक्षमण दान के नेतृत्व में राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री को एक पत्र भेजकर तुरंत कार्रवाई की मांग की गई है।
पत्र मे बताया गया हैं कि देशनोक नगर पालिका क्षेत्र की बड़ी गुवाड़ में कोटासर गली के पास बिजली का एक पोल लगा हुआ है। यह पोल ठीक गली के मोड़ और प्रवेश द्वार पर होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों के लिए भारी रुकावट पैदा करता है व साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती हैं । समस्या केवल पोल के स्थान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उस पर लगे बिजली के तारों का खतरनाक जाल पूरी तरह ढीला होकर नीचे लटका हुआ है। तारों का यह अव्यवस्थित जाल घरों के छज्जों और खिड़कियों के बिल्कुल करीब से गुजर रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि कई नंगे और सर्विस लाइन के तार सीधे मकानों की बाहरी दीवारों को छू रहे हैं। इससे पूरी बिल्डिंग में करंट प्रवाहित या शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगने का अंदेशा लगातार बना रहता है।बारिश व आंधी के मौसम में यह खतरा और अधिक बढ़ जाता हैं ।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच जब भी तेज हवा चलती है, तो ये ढीले तार आपस में टकराते हैं और इनसे चिंगारियां निकलती हैं। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए यह खतरा और अधिक बढ़ गया है। इस रास्ते से रोजाना छोटे बच्चे और बुजुर्ग गुजरते हैं, जिससे किसी भी दिन बड़ी जनहानि होने की आशंका बनी हुई है।
पत्र में मांग कि गई है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस पोल को गली के मुहाने से हटाकर किसी अन्य सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित (Shift) किया जाए। साथ ही, घरों की दीवारों को छू रहे और नीचे लटके हुए सभी तारों को कसकर व्यवस्थित किया जाए ताकि भविष्य में किसी भी संभावित हादसे को टाला जा सके।











