अबतक इंडिया न्यूज 4 अगस्त देशनोक । बीकानेर जिले के देशनोक थाना क्षेत्र के नृसिंहों का बास में एक घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति व उनके दो पोतों पर लाठी, पाइप व सरियों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
73 वर्षीय पीड़िता मनोहरी देवी पत्नी मांगीलाल सुथार द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना 3 अगस्त 2026 की रात लगभग 10:30 बजे की है। पीड़िता अपने पति मांगीलाल तथा पोतों करण सुथार व कुलदीप सुथार के साथ घर में मौजूद थी। आरोप है कि उसी समय अमन दान, पिन्नू और अशोक दान अपनी कैंपर गाड़ी से साजिश के तहत जबरन घर में घुस आए। तीनों आरोपियों ने हाथों में लिए पाइप, लाठी व सरियों से परिवार पर अंधाधुंध हमला कर दिया।

हमले में पूरा परिवार गंभीर घायल
हमले में पोते करण सुथार के दोनों पैर टूट गए। पीड़िता के पति मांगीलाल की कमर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि 73 वर्षीय वृद्धा के पैरों पर लाठियों से हमला किया गया, जिससे उनके पैरों में टांके आए हैं। आरोपियों ने पोते कुलदीप पर कैंपर गाड़ी चढ़ाने का भी प्रयास किया, जिससे बचाव के दौरान उसके हाथों में गंभीर चोटें आईं। पीड़िता ने बताया कि देर रात 2 बजे अमन दान 2-3 अन्य अज्ञात लोगों के साथ पुनः आया और पुलिस में शिकायत न करने की जान से मारने की धमकी दी।
मामला दर्ज, जांच जारी
देशनोक एसएचओ सुमन शेखावत ने बताया कि पीड़िता कि रिपोर्ट पर देशनोक पुलिस ने धारा 115(2), 126(2), 333, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल जितेन्द्र को सौंपी है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।











