अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 4 अगस्त । इंदौर (मध्यप्रदेश) के राजपूत बगीची क्षत्रिय नगर में आयोजित वेस्ट जोन क्वानकिडो चैम्पियनशिप में राजस्थान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल के दम पर कुल 40 पदक (23 स्वर्ण, 11 रजत और 6 कांस्य) अपने नाम किए और जोनल स्तर पर ओवरऑल थर्ड ट्रॉफी जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

30 खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल
क्वानकिडो एसोसिएशन राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र सारस्वत ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान से 30 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने फाइट, इंडिविजुअल क्वान्स, पेयर क्वांस, टीम क्वांस और वेपन क्वांस श्रेणियों में सटीक एक्शन और बेहतरीन स्टेमिना का प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के टेक्निकल डायरेक्टर धनंजय सारस्वत ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह पहला मौका है जब राजस्थान ने जोनल चैम्पियनशिप में ओवरऑल थर्ड ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। स्पर्धा में मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, दमन-दीव और गोवा के खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

टीम प्रबंधन और निर्णायकों की भूमिका
टीम की इस अभूतपूर्व सफलता में कोच अंकित प्रजापत, महिला टीम कोच ईशा शर्मा और टीम मैनेजर शोभा सारस्वत का प्रबंधन सराहनीय रहा। वहीं, बीकानेर के राष्ट्रीय रेफरी हिमांशु सारस्वत और अंकित कुमार ने निर्णायक मंडल में अपनी निष्पक्ष सेवाएं दीं।
बीकानेर स्टेशन पर जोरदार स्वागत
ट्रॉफी जीतकर बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर विजेता टीम, चीफ कोच धनंजय सारस्वत, मैनेजर शोभा सारस्वत, कोच अंकित प्रजापत और रेफरी हिमांशु सारस्वत का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत समारोह में गायत्री परिवार के प्रवीण तंवर, वरिष्ठ समाजसेवी कानसिंह राठौड़, ममता शर्मा, योगेन्द्र सिंह, देवदत्त शर्मा, ललित राज, किशन कुमार पांडे, युवराज स्वामी, राकेश ओझा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और खिलाड़ियों के परिजन मौजूद रहे।











