Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » देशनोक थाना क्षेत्र में बड़ी वारदात: सोते रहे परिवारजन, चोरों ने ताले तोड़ कर पार किए 7 लाख रुपए कैश और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर

देशनोक थाना क्षेत्र में बड़ी वारदात: सोते रहे परिवारजन, चोरों ने ताले तोड़ कर पार किए 7 लाख रुपए कैश और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर

अबतक इंडिया न्यूज 11 जून देशनोक । बीकानेर के देशनोक थाना इलाके के लालमदेसर मगरा गांव में बीती मध्यरात्रि चोरों ने एक सूने कमरे का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर में सो रहे परिवार को भनक तक नहीं लगने दी और संदूक व तिजोरी साफ कर दी। पीड़ित के मुताबिक चोर घर से करीब 7 लाख रुपए की नकदी समेत भारी मात्रा में सोने व चांदी के पारंपरिक आभूषण और कीमती दस्तावेज समेट ले गए।  देशनोक थानाधिकारी सुमन शेखावत ने बताया कि पीड़ित बेगाराम जाट की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई हैं ।

10 महिलाओं वाले घर में घुसे शातिर चोर

​पुलिस को दी शिकायत में लालमदेसर मगरा (वार्ड नंबर 04) निवासी बुजुर्ग बेगाराम जाट सारण ने बताया कि उनके घर में चार पोतियां, तीन बेटियां, दो बहुएं और सास सहित कुल 10 महिलाएं रहती हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात (11 जून) को पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान रात करीब 1:30 से 2:45 बजे के बीच अज्ञात चोर दीवार लांघकर घर के भीतर दाखिल हुए और ताले तोड़कर कमरों में रखी तिजोरी खंगाल डाली।

जेवरों की लंबी फेहरिस्त , सुबह खुला राज

रोजाना की तरह जब गुरुवार सुबह परिवार के लोग जागे, तो कमरों के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। संदूक के कबाड़ और अलमारियों का सामान पूरे फर्श पर बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने संदूक में रखी 7,00,000 रुपए की नकदी के अलावा जेवरातों पर हाथ साफ किया, जिनमें शामिल हैं:
4 सोने की ठुशी (पारंपरिक कण्ठहार)
​2 सोने के भारी हार सेट
​2 सोने की राखड़ी और 1 नाग बोरिया
​4 सोने की अंगूठियां
​9 सोने के फुलड़े व 4 जोड़ी सोने के कान के बाले
​करीब 2 किलोग्राम चांदी के आभूषण
​इसके अलावा तिजोरी में रखे परिवार के सभी महत्वपूर्ण जमीनी व निजी दस्तावेज भी गायब मिले हैं।

​ घटना की सूचना मिलते ही देशनोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित बेगाराम की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 (a)  और 331 (4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) हनुमंत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ के साथ-साथ इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *