Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » सीएम ने कर्मचारियों और पेंशनधारियों को दी बड़ी सौगात, बढ़ाया महंगाई भत्ता

सीएम ने कर्मचारियों और पेंशनधारियों को दी बड़ी सौगात, बढ़ाया महंगाई भत्ता

अबतक इंडिया न्यूज 23 अप्रैल ।  राजस्थान सरकार ने बढ़ती महंगाई को लेकर राज्य कर्मचारियों और पेंशनधारियों को बड़ी राहत दी है.  सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देश पर गुरुवार (23 अप्रैल) को महंगाई भत्ता (DA Hike) और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है.  इससे राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत का इज़ाफ़ा होगा. इस महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी के बाद राज्य कर्मचारियों को अब 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा. इस आदेश से राज्य कर्मचारियों और पेंशनधारियों में काफी खुशी है.

1 जनवरी 2026 से लागू होगा नया DA  

आदेश के तहत प्रदेश में सातवें वेतनमान के तहत राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को 1 जनवरी 2026 से 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता अथवा मंहगाई राहत देय होगी. इस निर्णय से लगभग 7.02 लाख कार्मिक एवं 5.44 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे. पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इस बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा.

4 महीने का मिलेगा एरियर

कर्मचारियों को आगामी जून में मिलने वाले मई 2026 के वेतन से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा, जबकि दिनांक 01 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक चार माह की राशि संबंधित कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि (4 महीने का एरियर) खाते में जमा की जाएगी.

पेंशनरों को 01 जनवरी, 2026 से महंगाई राहत का नकद भुगतान किया जायेगा। कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में लिए गए इस फैसले से राज्य सरकार पर लगभग 1156 करोड़ रुपये का वार्षिक वित्तीय भार आएगा.

बता दें, पिछली बार भजनलाल सरकार ने 3 अक्टूबर 2025 को 3 प्रतिशत DA में बढ़ोतरी का ऐलान किया था, जो 1 जुलाई 2025 से देय था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *