Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » पीबीएम सुधार आंदोलन का 17वां दिन: चिकित्सा मंत्री की निकाली सांकेतिक शवयात्रा , पुतला फूंका; कांग्रेस नेताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की

पीबीएम सुधार आंदोलन का 17वां दिन: चिकित्सा मंत्री की निकाली सांकेतिक शवयात्रा , पुतला फूंका; कांग्रेस नेताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 27 जून । पीबीएम अस्पताल की चरमराई व्यवस्थाओं को लेकर चल रहा कांग्रेस का ‘पीबीएम सुधारो जनआंदोलन’ शनिवार को 17वें दिन भी उग्र रूप में जारी रहा। अस्पताल प्रशासन और सरकार द्वारा 10 सूत्रीय मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में शनिवार को आंदोलनकारियों ने अनूठा प्रदर्शन किया।
​एनएसयूआई (NSUI) जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में धरना स्थल से पीबीएम अस्पताल अधीक्षक कार्यालय तक राज्य के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर शवयात्रा निकाली गई। इसके बाद अधीक्षक कार्यालय के समक्ष जमकर नारेबाजी करते हुए देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने चिकित्सा मंत्री के पुतले का दहन किया।

​पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की, माहौल हुआ तनावपूर्ण

 

​प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल गरमा गया जब एनएसयूआई कार्यकर्ता जूतों की माला लेकर अस्पताल अधीक्षक को पहनाने के लिए मुख्य द्वार की तरफ बढ़े। वहां तैनात पुलिस जाब्ते ने कार्यकर्ताओं को गेट पर ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और खींचतान देखने को मिली, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।

 

​जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन रहेगा जारी: गोदारा

 

​एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक पीबीएम अस्पताल में सुधार की 10 सूत्रीय मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह जनआंदोलन थमेगा नहीं। उन्होंने राज्य सरकार से चिकित्सा मंत्री को पद से बर्खास्त करने और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार कर आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

 

​कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने दिया समर्थन

 

​आमजन की परेशानियों को देखते हुए इस आंदोलन को शहर के विभिन्न संगठनों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। शनिवार को सर्व कामगार सेवा संघ, विप्र फाउंडेशन, बीकानेर शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज संघ, अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद (शाखा बीकानेर) तथा राष्ट्रीय एकता अभियान सहित कई संगठनों ने धरना स्थल पहुंचकर इस आंदोलन को अपना आधिकारिक समर्थन दिया।

​प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

 

​जिला संगठन के प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शिवलाल गोदारा, भंवर कूकणा, सुमित कोचर, रिछपाल सिगड़, राजेश गोदारा, विकास सारण, आकाश लोहिया, रामदयाल बेनिवाल, अभिमन्यू जाखड़, रामनिवास चौधरी, जगदीश सारण, रणजीतसिंह पुरोहित चौहान, राजेश जाजड़ा, रामजस कस्वां, सहीराम गोदारा, मनीष डूडी, प्रेम बैरड़, दीपक चौधरी, अशोक जोशी, बाबूलाल पूनिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *