Home » Uncategorized » देशनोक में 22 से 24 नवंबर तक होगी मां करणी की त्रि-दिवसीय ओरण परिक्रमा, 22 व 23 नवंबर को 24 घंटे खुले रहेंगे मंदिर के पट, ओरण क्षेत्र में अग्नि प्रज्वलित करने, शराब और भिक्षावृत्ति पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

देशनोक में 22 से 24 नवंबर तक होगी मां करणी की त्रि-दिवसीय ओरण परिक्रमा, 22 व 23 नवंबर को 24 घंटे खुले रहेंगे मंदिर के पट, ओरण क्षेत्र में अग्नि प्रज्वलित करने, शराब और भिक्षावृत्ति पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

मां करणी की त्रि-दिवसीय ओरण परिक्रमा
अबतक इंडिया न्यूज 16 नवंबर देशनोक । विश्व प्रसिद्ध मां करणी की नगरी देशनोक में आगामी 22 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय ओरण परिक्रमा का आयोजन होगा । इस अवसर पर देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पैदल यात्रियों के देशनोक पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पवित्र ओरण भूमि की मर्यादा बनाए रखने के उद्देश्य से श्री करणी मंदिर निजी प्रन्यास ने आम सूचना जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
प्रन्यास अध्यक्ष बादल सिंह की ओर से 16 नवंबर को जारी सूचना के अनुसार, ओरण परिक्रमा के अवसर पर मंदिर दर्शनार्थियों के लिए 22 एवं 23 नवंबर को लगातार 24 घंटे दर्शन खुले रहेंगे, ताकि श्रद्धालु सुविधानुसार मां करणी के दर्शन कर सकें।

ओरण परिक्रमा में अग्नि जलाने पर प्रतिबंध

प्रन्यास ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ओरण परिक्रमा मार्ग एवं मुख्य मंदिर के आसपास धूपबत्ती, दीपक अथवा किसी भी प्रकार की अग्नि प्रज्वलित करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। अग्निजनित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शराब की बिक्री एवं सेवन पर रोक

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, ओरण परिक्रमा मार्ग में निर्धारित अवधि के दौरान शराब की बिक्री एवं सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। शराब बेचते अथवा नशे की अवस्था में पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भिक्षावृत्ति पर भी पूर्ण प्रतिबंध

ओरण परिक्रमा मार्ग में किसी भी प्रकार की भिक्षावृत्ति पूर्णतः निषेध रहेगी। प्रन्यास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भिक्षावृत्ति को बढ़ावा न दें।
स्वच्छता बनाए रखने की अपील
प्रन्यास ने ओरण भूमि की पवित्रता, स्वच्छता एवं गरिमा बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी श्रद्धालुओं और सेवादाताओं की बताई है। परिक्रमा मार्ग में सेवा शिविर एवं अन्य सेवाएं संचालित करने वाले सेवादाताओं को सेवा समाप्ति के तुरंत बाद अपने निर्धारित स्थान की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रन्यास अध्यक्ष बादल सिंह ने समस्त श्रद्धालुओं एवं सेवादाताओं से मां करणी की पावन ओरण भूमि की मर्यादा, स्वच्छता एवं सुरक्षा बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने तथा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *