Home » देश » मोदी सरकार के 12 वर्ष: देशनोक करणी माता मंदिर में विधायक भाटी ने की विशेष पूजा, पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना

मोदी सरकार के 12 वर्ष: देशनोक करणी माता मंदिर में विधायक भाटी ने की विशेष पूजा, पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना

अबतक इंडिया न्यूज देशनोक, 10 जून ।केंद्र की मोदी सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को राजस्थान भर में उत्सव और भक्ति का माहौल देखने को मिला। राज्य सरकार के विशेष निर्देशानुसार प्रदेश के सभी प्रमुख और प्रतिष्ठित देवालयों में राष्ट्र कल्याण हेतु विशेष पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में बीकानेर संभाग के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक तीर्थ स्थल श्री करणी माता मंदिर, देशनोक में एक भव्य और विशेष पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
​स्थानीय विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने निर्धारित समयानुसार बुधवार सुबह ठीक 8:00 बजे ओरण परिक्रमा और चूहों वाली देवी के नाम से विश्वविख्यात श्री करणी माता के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि-विधान से विशेष पूजन किया ।

राष्ट्र प्रथम की भावना से किया पूजन,पीएम के उत्तम स्वास्थ्य की कामना
​विशेष पूजा-अर्चना के दौरान विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने गर्भगृह में मां करणी के चरणों में धोक लगाई। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को सर्वोपरि रखते हुए विधायक भाटी ने देश की खुशहाली, प्रगति और अमन-चैन की प्रार्थना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और तेजस्वी भविष्य के लिए माता जी से विशेष कामना की, ताकि उनके नेतृत्व में देश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे।

प्रशासनिक अमला और भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद

​इस गरिमामयी धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भारी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मुख्य रूप से ​ अतिरिक्त जिला कलेक्टर, बीकानेर उम्मेद सिंह रतनू, बीकानेर देहात भाजपा जिलाध्यक्ष ​श्याम पंचारिया ,ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता महावीर सिंह ,श्री करणी माता मंदिर प्रन्यास उपाध्यक्ष सीता दान ,पालिका अधिशाषी अधिकारी रवींद्र सिंह ,देशनोक एसएचओ सुमन शेखावत सहित ​स्थानीय भाजपा जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे ।
​मंदिर प्रन्यास  की ओर से अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत भी किया गया।

“मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। आज मां करणी के चरणों में यही प्रार्थना की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को और अधिक शक्ति व उत्तम स्वास्थ्य मिले, जिससे हमारा देश विश्व गुरु बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़े।”
— अंशुमान सिंह भाटी, विधायक

जनसमस्याओं को लेकर सजग दिखे विधायक 

​धार्मिक अनुष्ठान के संपन्न होने के बाद विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने मंदिर परिसर और देशनोक कस्बे में स्थानीय नागरिकों व ग्रामीणों से सीधे मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक को बिजली कटौती, पेयजल संकट, सड़कों की स्थिति और अन्य स्थानीय समस्याओं से रूबरू कराया।
​जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक भाटी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर की सभी समस्याओं के त्वरित और स्थाई समाधान के लिए आगामी 12 जून को देशनोक में  जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे ताकि मौके पर ही आमजन को राहत दी जा सके। विधायक के इस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *