अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 22 जून। नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी ब्लॉक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के कोलायत ब्लॉक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों तथा विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति के कारण नीति आयोग द्वारा जारी जिला रैंकिंग दिसंबर 2024 में कोलायत ब्लॉक ने देशभर के आकांक्षी ब्लॉकों में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के फलस्वरूप ब्लॉक को विकास कार्यों को और अधिक गति देने के लिए एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
जिला कलक्टर निशांत जैन के मार्गदर्शन एवं व्यक्तिगत प्रयासो के परिणामस्वरूप एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे के कुशल प्रबंधन में कोलायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नीति आयोग को एक विशेष प्रस्ताव भेजा गया।
प्रस्ताव के तहत कोलायत ब्लॉक के चिन्हित 25 विद्यालयों में पुस्तकालयों के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण का कार्य किया जाएगा।
‘प्रेरणा वाइब्रेंट मॉडल लाइब्रेरी’ योजना के अंतर्गत 50 लाख रुपये की लागत से विद्यालय पुस्तकालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इस प्रस्ताव को अप्रैल 2026 में नीति आयोग को भेजा गया था, जिसे मई 2026 में स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
सीपीओ अमर सिंह चांदोलिया ने बताया योजना के क्रियान्वयन से विद्यालयों में अध्ययन का बेहतर वातावरण विकसित होगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। आधुनिक पुस्तकालय विद्यार्थियों में अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, ज्ञानवर्धन और बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कोलायत ब्लॉक की इस उपलब्धि को शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होंगे और ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल निश्चित रूप से आमूलचूल परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगी।










