अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 29 जून । राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर स्थित भूरा कॉम्प्लेक्स में संचालित केंद्रीय भंडारण निगम (CWC) के गोदाम से निकलने वाले ओवरलोड ट्रक अब आमजन के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। सोमवार की शाम को यहाँ एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई, जब गोदाम से निकले एक अत्यधिक लोडेड ट्रक ने मुख्य सड़क पर लगे एक विद्युत पोल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भारी-भरकम बिजली का पोल उखड़कर सीधे ट्रक पर जा गिरा। गनीमत रही कि पोल ट्रक के ऊपर ही गिरा; यदि यह पोल सड़क की दूसरी तरफ या किसी राहगीर पर गिरता, तो कई मासूमों की जान जा सकती थी।
व्यापारियों की सूझबूझ से बची दर्जनों जानें
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चिंगारियां उठने लगीं। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों ने गजब की सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन किया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति (पावर कट) बंद करवाई। अगर समय रहते बिजली बंद नहीं होती, तो करंट फैलने से वहां बड़ा रिहायशी या मानवीय नुकसान हो सकता था।
शिकायतों के बाद भी कुंभकर्णी नींद सोया है प्रशासन
स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का आरोप है कि इस गोदाम से रोजाना क्षमता से अधिक भरे ट्रक बेखौफ होकर निकलते हैं। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन और केंद्रीय भंडारण निगम के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं। मीडिया में भी लगातार इन ओवरलोड ट्रकों के आतंक की खबरें प्रसारित हो रही हैं, लेकिन प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर इस घटना से सबक लेकर ओवरलोड ट्रकों के आवागमन पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो निकट भविष्य में होने वाली किसी भी बड़ी अनहोनी की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
विभाग करेगा सख्त कार्रवाई: कनिष्ठ अभियंता
मामले को लेकर विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) जितेन्द्र पड़िहार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। प्रभावित क्षेत्र की अधिकांश विद्युत आपूर्ति को वैकल्पिक माध्यमों से सुचारू कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त पोल को हटाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दोषी ट्रक चालक और मालिक के खिलाफ विभागीय नियमानुसार सख्त कानूनी व आर्थिक कार्रवाई की जाएगी।











