अबतक इंडिया न्यूज 15 अप्रैल पटना । सम्राट चौधरी के साथ जेडीयू कोटे से दो उपमुख्यमंत्री भी आज शपथ लेंगे. सूत्रों के मुताबिक, विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे. यह एक तरह से पहले के फॉर्मूले का उल्टा माना जा रहा है, जहां पहले जेडीयू के मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी के दो डिप्टी सीएम होते थे, अब बीजेपी के मुख्यमंत्री के साथ जेडीयू के दो डिप्टी सीएम होंगे. शपथ ग्रहण से पहले सम्राट चौधरी पंचरूपी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद वे लोक भवन पहुंचकर औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इस कार्यक्रम में कई बड़े नेता शामिल होंगे. केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी समारोह में मौजूद रहेंगे. वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
कहां से शुरू हुआ सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर
सम्राट चौधरी का राजनीतिक आधार बिहार के मुंगेर जिले में मजबूत माना जाता है और वे तारापुर विधानसभा क्षेत्र से गहराई से जुड़े हुए हैं, जिसे उनके परिवार का पारंपरिक गढ़ भी माना जाता है. जमुई लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में उनकी पकड़ जमीनी स्तर तक मजबूत है. उन्होंने 1990 के दशक में सक्रिय राजनीति की शुरुआत की और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई. विधायक बनने के बाद उन्हें कृषि, शहरी विकास और पंचायती राज जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी मिली. एक सख्त और प्रभावी प्रशासक की छवि के साथ वे आगे बढ़े और बाद में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी बने.
शकुनी चौधरी पहुंचे लोकभवन
बिहार की राजनीति के दिग्गज नेता शकुनी चौधरी अपने पूरे परिवार के साथ पटना स्थित लोकभवन पहुंचे. इस दौरान उन्होंने अपने पुत्र और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. परिवार के सभी सदस्यों की मौजूदगी में यह एक भावुक और गरिमामयी क्षण रहा. जहां सम्राट चौधरी ने अपने पिता का आशीर्वाद लिया. शकुनी चौधरी के इस दौरे और परिवार की एकजुटता को न केवल एक पारिवारिक मिलन बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है.
किस पार्टी से कौन-कौन हो सकते हैं मंत्री
बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के तहत 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी सीएम पद की शपथ लेंगे. वहीं उनके अलावा कल ही विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी भी डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे. यानि बिहार की नई सरकार में बीजेपी का सीएम और जेडीयू कोटे से 2 डिप्टी सीएम होंगे. इसके अलावा कैबिनेट में शामिल होने वाले अन्य चेहरे किसी दूसरी तारीख को मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं.
जेडीयू कोटे से संभावित मंत्री
श्रवण कुमार
अशोक चौधरी
लेसी सिंह
मदन सहनी
जमा खां
सुनील कुमार
बीजेपी कोटे से ये बन सकते हैं मंत्री
विजय कुमार सिन्हा
मंगल पांडेय
रामकृपाल यादव
दिलीप जायसवाल
श्रेयसी सिंह
लखेंद्र पासवान
रमा निषाद
प्रमोद कुमार चंद्रवंशी
अरुण शंकर प्रसाद
संजय सिंह ‘टाइगर’
LJPR, HAM, RLM से कौन-कौन मंत्री?
एनडीए के सहयोगी दलों को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है. संभावित नामों में
संतोष कुमार सुमन (हम)
संजय पासवान (एलजेपी)
संजय कुमार सिंह (एलजेपी)
दीपक प्रकाश (आरएलएम)










