अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 17 नवंबर। बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी तथा उपखण्ड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना ने सोमवार को राजकीय चौपड़ा स्कूल, राजकीय बोथरा स्कूल और एचसीएम रीपा में एसआईआर-2026 के संबंध में स्थापित हैल्पडेस्क का निरीक्षण किया।
सुश्री कसाना ने हेल्पडेस्क पर मार्गदर्शन के लिए प्राप्त गणना प्रपत्रों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि डेस्क के सभी कार्मिक पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी से काम करें। मार्गदर्शन के लिए आने वाले मतदाताओं का सहयोग करें। उन्होंने स्कूल के आसपास के क्षेत्र में गणना प्रपत्र भरने संबंधी जागरुकता के लिए संपर्क के लिए भी निर्देशित किया। साथ ही कहा कि स्कूली विद्यार्थियों को उनके परिजनों के गणना प्रपत्र ऑनलाइन माध्यम से भरने के लिए भी प्रेरित करें। इस दौरान सहायक प्रशासनिक अधिकारी राकेश बंसल साथ रहे।
कॉलेज संचालकों और सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों की ली बैठक
सुश्री कसाना ने सोमवार को ही बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कॉलेज संचालकों और सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार कॉलेजों में विशेष शिविर आयोजित कर गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कॉलेज संचालक यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता विद्यार्थी और उनके परिजनों के गणना प्रपत्र डिजिटाइज्ड होने से वंचित नहीं रहे। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों से उनसे संबद्ध सुपरवाइजर्स और बीएलओ द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की और इसमें और अधिक गति लाने के निर्देश दिए।









