Home » राजस्थान » ACB जांच का साया: देशनोक पालिका अध्यक्ष चुनाव में उलझा सियासी गणित, कांग्रेस प्रत्याशी मुंधड़ा का पर्चा खारिज; अब निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

ACB जांच का साया: देशनोक पालिका अध्यक्ष चुनाव में उलझा सियासी गणित, कांग्रेस प्रत्याशी मुंधड़ा का पर्चा खारिज; अब निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

देशनोक पालिका अध्यक्ष चुनाव

अबतक इंडिया न्यूज 17 सितंबर देशनोक । देशनोक नगर पालिका अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच का मामला गहराता नजर आ रहा है। एसीबी कार्रवाई की गाज के बीच चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश मुंधड़ा को बड़ा झटका लगा है। नामांकन जांच के दौरान बतौर कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी ओमप्रकाश मुंधड़ा का पर्चा खारिज कर दिया गया है। हालांकि, निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भरा गया उनका दूसरा नामांकन मंजूर हो गया है, जिससे वह अब भी चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।

पट्टा जांच प्रकरण में मुख्य आरोपी हैं मुंधड़ा

गौरतलब है कि देशनोक नगरपालिका के चर्चित पट्टा आवंटन प्रकरण में एसीबी की जांच जारी है, जिसमें ओमप्रकाश मुंधड़ा मुख्य आरोपी हैं। कानूनी पेचीदगियों और एसीबी जांच के चलते ही कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर कांग्रेस ने उन्हें सिंबल नहीं दिया जिससे उनका नामांकन रद्द हुआ है।

कांग्रेस का  ‘प्लान-बी’: गैर-पार्षद सरिता मैदान में

रणनीतिक बैकअप के तहत कांग्रेस ने गैर-पार्षद सरिता मुंधड़ा का नामांकन भी दाखिल करवाया था, जिसे जांच के बाद वैध मानकर मंजूर कर लिया गया है। सरिता मुंधड़ा अब देशनोक में कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार होंगी।

चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला, कल नाम वापसी का अंतिम दिन

बीजेपी ने इस चुनाव में चंदा देवी पर दांव खेला है, जिनका पर्चा पूरी तरह वैध पाया गया है। इसके अलावा मैदान में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में राम कंवरी भी ताल ठोक रही हैं। अब मुख्य मुकाबला चार प्रत्याशियों के बीच सिमट गया है:

  • सरिता मुंधड़ा (कांग्रेस अधिकृत)
  • चंदा देवी (भाजपा अधिकृत)
  • ओमप्रकाश मुंधड़ा (निर्दलीय)
  • राम कंवरी (निर्दलीय)

शुक्रवार को नामांकन वापसी का आखिरी दिन है। इसके बाद ही देशनोक पालिका अध्यक्ष पद के लिए तय होने वाली अंतिम चुनावी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *