अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 2 नवंबर। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने जैसलमेर रोड स्थित डॉ. बी.आर. अम्बेडकर राजकीय बालक छात्रावास का दौरा कर विद्यार्थियों की कुशलक्षेम पूछी और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने छात्रावास के सभी विद्यार्थियों को सेवा आश्रम के दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित दीयों के पैकेट भेंट किए।

जिला कलेक्टर जैन ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश, प्रेम और आपसी सहयोग का पर्व है। सेवा आश्रम के दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार किए गए दीयों को विद्यार्थियों को भेंट करने की पहल के माध्यम से उन्होंने संवेदनशीलता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समावेशिता का संदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि जिला कलेक्टर निशांत जैन के मार्गदर्शन में उन्नयन अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी छात्रावासों के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण की अनूठी पहल संचालित की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न सरकारी प्रशासनिक अधिकारियों को छात्रावासों की व्यवस्थाओं की निगरानी और विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान का उद्देश्य छात्रावासों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर आईएएस मनु गर्ग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार गहलोत, प्रशासनिक अधिकारी मुकेश भाटी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी इनायत हुसैन, छात्रावास वार्डन सुनील सहित छात्रावास के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।










