Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » राजस्थान में सरस डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम,जानें कब से लागू होगी नई रेट

राजस्थान में सरस डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम,जानें कब से लागू होगी नई रेट

अबतक इंडिया न्यूज 20 मई । हाल ही में देश के अलग-अलग डेयरी ने दूध का दाम बढ़ा दिया है.  अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दामों में 2 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था. वहीं अब राजस्थान में भी सरस डेयरी ने भी 2 रुपये प्रति लीटर दूध का दाम बढ़ा दिया है. बताया जा रहा है कि जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (जयपुर डेयरी) ने प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक राहत देने और चिलचिलाती गर्मी में दूध की पर्याप्त आवक बनाए रखने के लिए दूध संकलन दरों में महत्वपूर्ण वृद्धि करने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही उत्पादन की लगातार बढ़ती संचालन लागत को ध्यान में रखते हुए दूध के सभी वेरिएंट्स के उपभोक्ता विक्रय मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी भी की गई है.

यह नई दरें कल यानी 21 मई 2026, गुरुवार की शाम से लागू की जाएगी और सप्लाई से पूरी तरह प्रभावी हो जाएंगी. दूध के साथ-साथ डेयरी से जुड़े अन्य सह-उत्पादों जैसे लस्सी, पनीर, दही और छाछ की कीमतों में भी आनुपातिक रूप से सीमित बढ़ोतरी की गई है.

सरस दूध की नई कीमत
  • सरस ताजा दूध (टोंड)- आधा लीटर- 28 रुपये, एक लीटर- 56 रुपये
  • सरस स्मार्ट दूध (डीटीएम)- आधा लीटर- 24 रुपये, एक लीटर- 48 रुपये
  • सरस गोल्ड दूध- आधा लीटर- 35 रुपये, एक लीटर- 70 रुपये
  • सरस स्टेन्डर्ड दूध (शक्ति)- आधा लीटर- 31 रुपये, एक लीटर- 62 रुपये
पशुपालकों को मिलेगा फायदा

बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के इस मौसम में राजस्थान के पशुपालकों के समक्ष पशु आहार, हरा चारा, बिजली, दवाइयों और मवेशियों के रखरखाव पर होने वाले खर्च में लगातार बढ़ोतरी की चुनौती बनी हुई थी. ऐसी परिस्थितियों में दुग्ध उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक हो गया था, जिसे ध्यान में रखते हुए जयपुर डेयरी ने दूध खरीद मूल्य में ₹25 प्रति किलोग्राम फैट की वृद्धि की है. इस फैसले के बाद अब दुग्ध उत्पादकों को ₹850 प्रति किलोग्राम फैट के स्थान पर ₹875 प्रति किलोग्राम फैट की दर से भुगतान किया जाएगा. इसके अतिरिक्त ₹2 प्रति किलोग्राम की फिक्स राशि और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक सम्बल योजना के अंतर्गत मिलने वाला ₹5 प्रति लीटर का अनुदान पशुपालकों को पहले की तरह ही मिलता रहेगा.

जयपुर डेयरी के इस निर्णय से जयपुर, कोटपूतली और दौसा जिले के लाखों दुग्ध उत्पादकों को हर महीने लगभग ₹6 करोड़ का अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा. इससे न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी, बल्कि गर्मी के इस कठिन मौसम में डेयरी में दूध का संकलन बढ़ाना भी सुनिश्चित हो सकेगा.

डीजल-पेट्रोल से लेकर पैकेजिंग की कीमत में इजाफा

उपभोक्ता मूल्य में की गई इस बढ़ोतरी के पीछे जयपुर डेयरी के प्रवक्ता ने वर्तमान वैश्विक और राष्ट्रीय आर्थिक परिस्थितियों के कारण बढ़ रही संचालन लागत का हवाला दिया है. उन्होंने बताया कि इन दिनों डीजल, एलडीओ, पेट्रोल, ऊर्जा, ट्रांसपोर्टेशन और पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में लगातार इजाफा हुआ है, जिसका सीधा असर डेयरी संचालन पर पड़ रहा है. केवल पैकेजिंग और परिवहन व्यय में हुई इस वृद्धि से ही डेयरी पर करोड़ों रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आ गया था. ऐसी परिस्थितियों में उपभोक्ताओं को शुद्ध, गुणवत्तायुक्त और सुरक्षित दूध की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विक्रय मूल्य में यह सीमित वृद्धि करना जरूरी हो गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The specified slider is trashed.