अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 23 नवम्बर। देवस्थान विभाग की ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026’ के तहत सोमवार को बीकानेर रेलवे स्टेशन से विशेष ‘भारत गौरव ट्रेन’ तिरुपति-पद्मावती तीर्थ स्थल के लिए रवाना हुई। बीकानेर संभाग के चार जिलों के कुल 456 चयनित बुजुर्ग यात्रियों को लेकर यह ट्रेन दोपहर 1:30 बजे प्लेटफार्म नंबर 6 से रवाना हुई, जिसे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने हरी झंडी दिखाई।

सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि यह विशेष ट्रेन बीकानेर से रवाना होकर जोधपुर के भगत की कोठी और पाली होते हुए तिरुपति-पद्मावती पहुंचेगी, जहां रास्ते के इन स्टेशनों से भी अन्य यात्री सवार होंगे। सात दिवसीय इस धार्मिक यात्रा के बाद ट्रेन 29 नवम्बर को वापस बीकानेर लौटेगी।

जिलावार यात्रियों की संख्या
बीकानेर से रवाना हुए 456 यात्रियों में संभाग के चारों जिलों के वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं:
- बीकानेर: 206 यात्री
- चूरू: 129 यात्री
- श्रीगंगानगर: 69 यात्री
- हनुमानगढ़: 52 यात्री

निःशुल्क सुविधाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
देवस्थान विभाग के निर्देशानुसार आईआरसीटीसी (IRCTC) की ओर से पूरी यात्रा के दौरान यात्रियों के ठहरने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। बुजुर्गों के स्वास्थ्य और सहायता के लिए ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, एक चिकित्सक व दो नर्सिंगकर्मियों की मेडिकल टीम के साथ कुल 26 अनुरक्षक (प्रत्येक कोच में दो) तैनात किए गए हैं। इनमें से 12 अनुरक्षक बीकानेर स्टेशन से ही यात्रियों के साथ रवाना हुए हैं। संपूर्ण व्यवस्थाओं के संचालन में बीकानेर कार्यालय से सोनिया रंगा, महेश कुमार शर्मा, किशोर कुमार शर्मा, राजेश दाधीच, गोपाल आचार्य, लालचंद, अनुसुइया शर्मा, संदीप, अभिषेक, सोनू शर्मा तथा हनुमानगढ़ से महेश कुमार ओझा और रितेश श्रीमाली का विशेष सहयोग रहा।

2 दिसंबर को कामाख्या के लिए रवाना होगी अगली विशेष ट्रेन
इसी योजना के अगले चरण में 2 दिसंबर 2026 को बीकानेर से कामाख्या तीर्थ स्थल के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी। इसमें बीकानेर संभाग के 190 चयनित यात्री शामिल होंगे, जिन्हें यात्रा के दिन सुबह 7 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन पर रिपोर्ट करना होगा। इस दल के साथ भी ट्रेन प्रभारी, मेडिकल टीम और बीकानेर से 6 अनुरक्षक जाएंगे। यात्रा से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए कार्यालय समय में यात्रा शाखा प्रभारी महेश कुमार शर्मा (मो. 9928178898) से संपर्क किया जा सकता है।









