Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी देहात द्वारा राजीव गांधी बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया

बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी देहात द्वारा राजीव गांधी बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 21 मई । बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी देहात के तत्वावधान में देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर “राजीव गांधी बलिदान दिवस” श्रद्धा, सम्मानपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन रानी बाजार स्थित जिला कांग्रेस कमेटी देहात कार्यालय बीकानेर में किया गया, जहां कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। सभी ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित जिला कांग्रेस कमेटी देहात के महासचिव (संगठन) प्रहलादसिंह मार्शल ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की सोच दी और सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार तथा कंप्यूटर क्रांति के माध्यम से भारत को नई दिशा प्रदान की। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और आधुनिकता की नई ऊंचाइयों को छुआ। युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाकर उन्होंने लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाया। देश में पंचायतीराज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की। उनका मानना था कि लोकतंत्र की असली ताकत गांवों और स्थानीय निकायों में होती है। उन्होंने सत्ता के विकेंद्रीकरण पर जोर देते हुए गांव, पंचायत और स्थानीय स्तर पर जनता की भागीदारी बढ़ाने का कार्य किया।

उपाध्यक्ष अम्बाराम ईणखिया ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश की एकता, अखंडता और भाईचारे के लिए समर्पित रहा। उन्होंने सदैव गरीब, किसान, मजदूर एवं युवाओं के हितों को प्राथमिकता दी। आज भी उनके विचार देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश उनकी सेवाओं को कभी भुला नहीं सकता।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सद्भाव, भाईचारा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया और साथ ही दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम में प्रेमप्रकाश सारण, बीरबल मूण्ड, श्रीराम डेलू, श्रवण, राकेश यादव, श्रीराम गहलोत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *