Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की अफवाहों को लेकर HPCL का बड़ा खुलासा

राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की अफवाहों को लेकर HPCL का बड़ा खुलासा

अबतक इंडिया न्यूज 21 मई जयपुर । पेट्रोल-डीजल को लेकर लगातार अफवाहें सामने आ रही है. हाल ही में पीएम मोदी ने ईंधन बचत की अपील की थी. जिसके बाद लोगों में तेल संकट को लेकर आशंका दिखने लगी. वहीं विपक्षी पार्टियां भी सरकार के अपील पर सवाल खड़े कर रही है. इस बीच हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने राजस्थान में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की बात कही है.

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जयपुर सहित पूरे राजस्थान में ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति बनी हुई है और सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं.

ईंधन की आपूर्ति इस महीने 19 प्रतिशत बढ़ी

HPCL के अनुसार 1 मई से 20 मई 2026 के बीच राजस्थान में ईंधन आपूर्ति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस अवधि में पेट्रोल की आपूर्ति 50,575 किलोलीटर रही जबकि बिक्री 42,501 किलोलीटर थी. यानी करीब 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई. वहीं डीजल की आपूर्ति 1,14,422 किलोलीटर रही जो सामान्य बिक्री 91,894 किलोलीटर की तुलना में 24.5 प्रतिशत अधिक है.

पेट्रोल पंप पर नियमित रूप से सप्लाई

कंपनी के मुताबिक जयपुर के रिटेल आउटलेट्स पर भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. यहां पेट्रोल की बिक्री में 18.4 प्रतिशत और डीजल की बिक्री में 21.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. HPCL ने कहा कि जयपुर में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से सप्लाई पहुंचाई जा रही है.

कंपनी के अधिकारी नजर बनाए हैं

HPCL ने बताया कि कंपनी के अधिकारी और फील्ड टीमें लगातार मैदान में मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. साथ ही ग्राहकों और डीलरों से लगातार संवाद किया जा रहा है ताकि किसी तरह की घबराहट में खरीदारी को रोका जा सके और लोगों की शंकाओं का समाधान किया जा सके.

कंपनी ने कहा कि उपलब्ध आंकड़े साफ तौर पर बताते हैं कि पूरे राज्य में सप्लाई नेटवर्क सुचारु रूप से काम कर रहा है और ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है. HPCL ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और अपुष्ट संदेशों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.

कंपनी ने कहा कि राजस्थान में निर्बाध ईंधन आपूर्ति और बेहतर ग्राहक सेवा सुनिश्चित करने के लिए HPCL पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

The specified slider is trashed.