अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 31 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव के चौथे चरण में पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई। पहले दिन नोखा में एक प्रत्याशी ने एक नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। पांचू और जसरासर पंचायत समिति क्षेत्रों में पहले दिन नामांकन की स्थिति शून्य रही।
चौथे चरण में नोखा, पांचू और जसरासर पंचायत समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए लोक सूचना शनिवार को जारी की गई। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र 4 नवंबर तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 11 से दोपहर 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 5 नवंबर को प्रातः 11 बजे से होगी। अभ्यर्थी 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
नोखा क्षेत्र के नाम निर्देशन पत्र उपखंड अधिकारी कार्यालय नोखा, पांचू के पंचायत समिति कार्यालय तथा जसरासर के ग्राम पंचायत सभागार में प्राप्त किए जा रहे हैं। रविवार को नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं किए जाएंगे।
चौथे चरण में जिला परिषद के 10 तथा तीनों पंचायत समितियों के 59 सदस्यों के निर्वाचन के लिए 14 नवंबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक मतदान होगा।












