अबतक इंडिया न्यूज 4 मई । पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब काउंटिंग शुरू हो गई है। सभी को इंतजार इन राज्यों में फाइनल नतीजों का है। क्या बंगाल में ममता बनर्जी की वापसी होगी या फिर बीजेपी यहां सत्ता पर काबिज होने जा रही? असम में हिमंता बिस्वा सरमा का क्या होगा? केरल में क्या कांग्रेस गठबंधन वापसी करेगा? तमिलनाडु में डीएमके फिर वापसी करेगी या एक्टर से नेता बने विजय का जादू चलेगा? पुडुचेरी में कौन सी पार्टी सत्ता पर काबिज होगी, इन सब सवालों का जवाब बस कुछ देर में मिलने लगेगा। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है। धीरे-धीरे रुझान सामने आने लगे हैं। जनादेश किसके पक्ष में है, जानें चुनाव नतीजों से जुड़े हर ब्रेकिंग अपडेट्स।
मुर्शिदाबाद में शून्य पर बीजेपी, रूपा गांगुली भी हुईं पीछे
बंगाल में 200 से ज्यादा सीटों के रुझान आए सामने। उत्तरी दिनाजपुर बीजेपी 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं टीएमसी 4 सीटों पर आगे है। मुर्शिदाबाद की कुल 22 विधानसभा सीटें हैं। शुरुआती रुझानों में सभी 22 सीटों पर टीएमसी आगे चल रही है। वहीं बीजेपी शून्य पर है। यहां से बीजेपी के अधीर रंजन चौधरी भी पीछे हैं। बंगाल में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी मुर्शिदाबाद में है। यहां 65 फीसदी मुसलमान हैं। पूर्वी वर्धमान में बीजेपी 13 आगे है। दक्षिण 24 परगना में बीजेपी पीछे हो गई है। बीजेपी शून्य पर आ गई है। रूपा गांगुली भी पीछे हो गई हैं। दार्जिलिंग की पांच सीटों पर बीजेपी आगे है। यहां पर टीएमसी का खाता नहीं खुला है।
बीजेपी ने बंगाल चुनाव रिजल्ट के रुझानों पर लगाया शतक
पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने शतक लगा दिया है। बीजेपी 100 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं टीएमसी 92 सीटों पर आगे चल रही है। तीन सीटों पर दूसरे दल आगे हैं। तूफानगंज सीट पर पिछली बार बीजेपी जीती थी, इस बार भी बीजेपी प्रत्याशी आगे चल रही हैं। बंगाल में तीन सीटों पर दूसरे दल हैं। बीजेपी के पवन सिंह आगे चल रहे हैं। टीएमसी के कुणाल घोष आगे चल रहे हैं। कुणाल घोष पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में काउंटिंग के बीच बयानबाजी तेज, ममता बनर्जी ने क्यों कहा- निगरानी रखें, शिकायतें दर्ज करें
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान रोमांचक मुकाबले के बाद अब वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सतर्क रहें। निगरानी रखें। रात भर जागते रहें। शिकायतें दर्ज करें। मुझे अलग-अलग जगहों से रिपोर्ट मिल रही हैं कि जान-बूझकर बिजली काटी जा रही है (लोड-शेडिंग की जा रही है)। हुगली के श्रीरामपुर से लेकर नदिया के कृष्णानगर तक, बर्दवान के औसग्राम से लेकर कोलकाता के खुदीराम अनुशीलन केंद्र तक ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं।
असम में शुरुआती रुझानों में बीजेपी 7 सीटों पर आगे, बंगाल में टीएमसी को दो सीट पर बढ़त, केरलम से भी आए शुरुआती रुझान
देश के चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और एक केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। सुबह 8 बजे से काउंटिंग के बाद असम और केरल को लेकर रुझान सामने आने लगे हैं। असम में बीजेपी 7 सीटों पर आगे है, कांग्रेस को 5 सीटों पर बढ़त नजर आ रही। बंगाल चुनाव रुझानों पर नजर डालें तो टीएमसी दो सीटों पर आगे नजर आ रही, बीजेपी तीन सीटों पर आगे नजर आ रही। केरलम में शुरुआती रुझानों में यूडीएफ दो सीटों पर आगे है। एलडीएफ एक सीट पर आगे है।
भबानीपुर में ममता बनर्जी पीछे, सुवेंदु कर रहे लीड
मालदा से बीजेपी छह सीटों से आगे है। बाकी की छह सीटों पर टीएमसी आगे चल रही है। दिलीप घोष, रूपा गांगुली आगे चल रही हैं। बीजेपी 85 सीटों पर आगे हो गई है। टीएमसी 82 सीटों पर आगे चल रही है। बंगाल में लगातार बीजेपी और टीएमसी के बीच आगे-पीछे का खेल चल रहा है। भबानीपुर सीट से सुवेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। ममता बनर्जी पीछे हो गई हैं।
ममता बनर्जी के गढ़ से उनके खास फिरहाद हाकिम पीछे
पश्चिम बंगाल में पलटी बाजी। पोस्ट बैलट की गिनती के दौरान सुबह शुरुआती रुझानों में लगातार आगे चल रही बीजेपी पीछे हो गई है। टीएमसी 75 सीटों पर आगे, बीजेपी 70 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस दो ही सीटों पर अटकी है। दूसरे दलों का खाता तक नहीं खुल है। झारग्राम, दक्षिण परगना 24, हावड़ा में भी चुनाव के रिजल्ट चौंकानेवाले हो सकते हैं। खास बात है कि कोलकाता के मेयर और ममता बनर्जी के खास फिरहाद हाकिम कोलकाता फोर्ट से पीछे हो गए हैं।
बंगाल में बीजेपी कर रही लीड
बंगाल में अभी पोस्टल बैलट की गिनती जारी है। ईवीएम नहीं खुली है, लेकिन रुझानों की तस्वीर साफ हो रही है। बीजेपी और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर है। बीजेपी 65 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं टीएमसी 62 सीटों पर आगे है। बंगाल में 120 सीटों की रुझान सामने आए हैं। दक्षिण 24 परगना में बीजेपी 31 में से 10 सीटों पर आगे है। खास बात है कि पिछली बार बीजेपी यहां एक भी सीट पर आगे नहीं थी।









