Home » Uncategorized » केजरीवाल को बड़ा झटका; राज्यसभा सांसद राघव चड्डा सहित सात सांसद बीजेपी में शामिल

केजरीवाल को बड़ा झटका; राज्यसभा सांसद राघव चड्डा सहित सात सांसद बीजेपी में शामिल

अबतक इंडिया न्यूज 24 अप्रैल । आम आदमी पार्टी में टूट हो गई है. आप के राज्यसभा के 10 सांसदों में से सात सांसद भाजपा में शामिल हो गए. आप सांसद राघव चड्ढा अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुए. संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, सांसद राघव चड्ढा ने कहा, “हमने फैसला किया है कि हम, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए भाजपा में विलय कर लेंगे.” आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह पंजाब के साथ धोखा है.

राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के बीजेपी में जाने पर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने मोर्चा खोल दिया है. केजरीवाल ने इसे पंजाबियों को दिया गया “धक्का” बताते हुए बीजेपी की मंशा पर सवाल उठाए. वहीं, पंजाब के सीएम मान ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी हमेशा से पंजाब विरोधी रही है. उन्होंने साफ किया कि डरपोक नेता अपनी “जान बचाने” के लिए भगवा चोला ओढ़ रहे हैं, लेकिन व्यक्ति से बड़ी हमेशा पार्टी होती है. आम आदमी पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आप को भ्रष्टाचार का दलदल बताकर बीजेपी का दामन थाम लिया. चड्ढा ने हरभजन सिंह और स्वाति मालीवाल के भी साथ छोड़ने का दावा कर सियासी हलचल तेज कर दी है. उन्होंने खुद को गलत पार्टी में सही आदमी बताते हुए पीएम मोदी के 12 साल के बेमिसाल नेतृत्व पर भरोसा जताया है.

दिल्ली और पंजाब की राजनीति में आज एक ऐसा सियासी भूकंप आया है जिसने आम आदमी पार्टी (AAP) की बुनियाद हिला दी है. पार्टी के सबसे चमकते चेहरे और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आप को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है. अकेले चड्ढा ही नहीं बल्कि उनके साथ राज्यसभा सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भी एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया. राघव चड्ढा ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि उनके साथ हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रमजीत साहनी और राजेंद्र गुप्ता जैसे बड़े नामों ने भी आम आदमी पार्टी छोड़ दी है. एक समय में अरविंद केजरीवाल के संकटमोचक कहे जाने वाले चड्ढा ने भावुक होकर कहा, “मैं एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) का करियर छोड़कर भ्रष्टाचार मुक्त भारत का सपना लेकर आया था, लेकिन आज यह पार्टी खुद भ्रष्टाचार के दलदल और समझौतावादी लोगों के चंगुल में फंस चुकी है.”

 

बीजेपी की सदस्यता लेने के बाद राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक ‘गलत पार्टी में सही आदमी’ थे. उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में मोदी सरकार ने जो साहसिक फैसले लिए हैं, उन पर जनता का तीन बार भरोसा जताना इसकी सफलता का प्रमाण है. ‘आप’ के रणनीतिक स्तंभों के इस तरह टूटने से राज्यसभा में पार्टी की ताकत लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गई है.

नितिन नवीन ने खिलाया लड्डू, राघव चड्ढा का बीजेपी मुख्‍यालय में शान से स्‍वागत

 

बीजेपी मुख्यालय में नितिन नवीन ने राघव चड्ढा को लड्डू खिलाकर पार्टी में उनका स्वागत किया. इस दौरान चड्ढा ने बीजेपी अध्यक्ष को गुलदस्ता भेंट किया. इस औपचारिक मिलन के साथ ही चड्ढा आधिकारिक तौर पर बीजेपी में शामिल हो गए. पार्टी कार्यकर्ताओं में इस राजनीतिक घटनाक्रम में जश्‍न का माहौल है। आम आदमी पार्टी की स्थिति अब राज्‍सभा में बेहद कमजोर हो गई है.

आम आदमी पार्टी में टूट पर अलका लांबा का तीखा वार

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने राघव चड्ढा की बगावत पर ‘आप’ और बीजेपी दोनों को घेरते हुए इसे ‘जैसी करनी वैसी भरनी’ करार दिया है. लांबा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पहले दिल्ली की सत्ता से कांग्रेस को हटाने के लिए केजरीवाल का इस्तेमाल किया और अब वही रणनीति पंजाब में अपनाई जा रही है. उनके अनुसार, बीजेपी का प्लान अब ‘आप’ के बड़े नेताओं को अपने पाले में कर पंजाब में केजरीवाल को पूरी तरह राजनीतिक रूप से ठिकाने लगाने का है. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को दिल्ली और पंजाब की जनता के साथ धोखा बताया.

‘जब नींव ही खोखली हो तो इमारत गिरना तय’-बांसुरी स्वराज

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के इस्तीफे पर ‘आप’ को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की महिला विरोधी नीतियों, वैचारिक दिवालियापन और जनता के साथ बार-बार किए गए धोखे को अब नकारा जा रहा है. स्वराज के अनुसार, राज्यसभा के दो-तिहाई सांसदों का साथ छोड़ना यह दर्शाता है कि संगठन पूरी तरह कमजोर हो चुका है. उन्होंने अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज को आत्मचिंतन करने की सलाह दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *