अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 13 जुलाई। जिला प्रभारी सचिव एवं शासन सचिव हेमंत गेरा ने सोमवार को बीकानेर विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न सेवाओं का अवलोकन किया तथा आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकाधिक लोगों को त्वरित राहत प्रदान करने और प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में नागरिक पहुंचकर पट्टा निर्माण प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही पट्टा, नामांतरण, लीज मनी, भवन निर्माण स्वीकृति, बेचान एवं ऋण अनापत्ति प्रमाण पत्र, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, धारा 90-ए तथा स्ट्रीट लाइट मरम्मत सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका निस्तारण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे, उपायुक्त कुणाल राहड़, तहसीलदार महेंद्र सिंह रतनू, तहसीलदार आकांक्षा गोदारा, राजस्व निरीक्षक नीतू मीणा, कनिष्ठ अभियंता भव्यदीप, एसीपी संजय जनागल, वरिष्ठ सहायक अनिल आचार्य, सूचना सहायक महेंद्र सिंह, कनिष्ठ सहायक आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ पात्र आवेदकों को पट्टों का वितरण भी किया गया। आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी के मार्गदर्शन में उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे (जोन-डी) द्वारा पुष्पा देवी सोनी, नितिन गुप्ता, सतवीर, कपिल तोमर, सुधीर कुमार पोपली तथा मुकेश दैया को गणेश एन्क्लेव कॉलोनी एवं अनुज बवेचा तथा शिल्पा बवेचा को वृंदावन कृष्ण मोहन एन्क्लेव के पट्टे वितरित किए गए। प्रभारी सचिव ने शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।












