अबतक इंडिया न्यूज 25 अप्रैल जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। मंडल के 11 स्टेशनों पर लिफ्ट लगाने के लिए रेलवे ने 16.37 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत प्रत्येक स्टेशन पर दो-दो लिफ्ट स्थापित की जाएंगी जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में काफी सहूलियत मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार यह निर्णय विशेष रूप से बुजुर्गों,दिव्यांगजनों,महिलाओं और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। वर्तमान में कई छोटे व मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म पार करने के लिए केवल फुटओवर ब्रिज ही उपलब्ध है,जिससे यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है। लिफ्ट की सुविधा शुरू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।

इन स्टेशनों पर लगेंगी लिफ्ट
मंडल के जिन 11 स्टेशनों को इस योजना में शामिल किया गया है, उनमें सालावास,हनवंत,लूनी,दुदिया,अजित,समदड़ी,मोकलसर,बिशनगढ़,रानीवाड़ा,मोदरान और धनेरा स्टेशन शामिल हैं।
चरणबद्ध तरीके से होगा कार्य
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि इन स्टेशनों पर लिफ्ट लगाने की स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। पहले चरण में आवश्यक तकनीकी सर्वे,डिजाइन और टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी,इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
यात्री सुविधाओं में होगा इजाफा
रेलवे द्वारा लगातार स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। लिफ्ट सुविधा शुरू होने से
● प्लेटफॉर्म के बीच आवाजाही आसान होगी
● दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी
● दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को विशेष राहत मिलेगी
● स्टेशनों की समग्र सुविधा स्तर में सुधार होगा
समग्र विकास की दिशा में पहल
जोधपुर मंडल में पिछले कुछ समय से यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। लिफ्ट स्थापना की यह योजना भी उसी कड़ी का हिस्सा है, जिससे छोटे स्टेशनों को भी बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा सके।










