अबतक इंडिया न्यूज 16 जून देशनोक । कस्बे में गहराते पेयजल संकट और अनियमित जलापूर्ति से परेशान नागरिकों की समस्या को लेकर पूर्व भाजपा अध्यक्ष और पूर्व पार्षद प्रतिनिधि लक्ष्मण दान ने कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी को पत्र लिखकर बजट में घोषित पेयजल योजना को जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की है।

विधायक को भेजे पत्र में लक्ष्मण दान ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में पेश किए गए बजट में स्थानीय विधायक अंशुमान सिंह भाटी के विशेष प्रयासों से वित्त मंत्री दीया कुमारी ने देशनोक के लिए एक ऐतिहासिक घोषणा की थी। इसके तहत ‘जल जीवन मिशन’ के अंतर्गत कस्बे में 24 घंटे स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 750 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट स्वीकृत किया गया है। इस दूरदर्शी निर्णय के लिए क्षेत्रवासियों ने सरकार और विधायक का आभार भी जताया है।
कम दबाव और अनियमित सप्लाई से जनता परेशान
पत्र में देशनोक की वर्तमान जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए कहा गया है कि इस समय कस्बा और इसके आस-पास के इलाके पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। पेयजल की सप्लाई बेहद अनियमित है और पानी का दबाव (प्रेशर) बहुत कम होने के कारण महिलाओं, बुजुर्गों सहित आम जनता का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग
लक्ष्मण दान ने विधायक भाटी से अनुरोध किया हैं कि जनता की इस विकट समस्या को देखते हुए 750 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का काम धरातल पर अविलंब शुरू करवाया जाए। उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत निर्देश देकर निविदा (टेंडर) प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कराई जाए, ताकि देशनोक की जनता को इस ऐतिहासिक सौगात का वास्तविक लाभ समय पर मिल सके और पानी की यह स्थायी समस्या हमेशा के लिए खत्म हो सके। पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर बीकानेर और पीएचइडी (PHED) के उच्च अधिकारियों को भी सूचनार्थ भेजी गई है।











