Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » बीकानेर PBM से डरावनी खबर, PBM अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 महिलाओं की किडनी फेल, 1 की हालत नाजुक !

बीकानेर PBM से डरावनी खबर, PBM अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 महिलाओं की किडनी फेल, 1 की हालत नाजुक !

अबतक इंडिया न्यूज 9 जून बीकानेर । बीकानेर संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद छह प्रसूताओं की किडनी खराब होने का मामला सामने आया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है. सभी प्रभावित महिलाओं को आईसीयू में भर्ती कर डायलिसिस पर रखा गया है.जानकारी के अनुसार, प्रभावित महिलाओं की सी-सेक्शन डिलीवरी करीब 10 से 15 दिन पहले हुई थी. इसके बाद उनमें यूरिन रुकने, प्लेटलेट्स कम होने और किडनी फेल होने जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दिए. चिकित्सकों की निगरानी में सभी मरीजों का उपचार जारी है.

मरीजों में फलोदी निवासी 20 वर्षीय एक महिला की हालत सबसे अधिक गंभीर बताई जा रही है. उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है.

 

कारणों की जांच की जा रही है

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस स्थिति के पीछे इन्फेक्शन, अत्यधिक ब्लीडिंग या अन्य चिकित्सकीय कारण हो सकते हैं. फिलहाल सभी संभावित कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल में जल्द ही इन्फेक्शन डिटेक्टर मशीन लगाने की भी तैयारी की जा रही है.

 

क्या कहना है पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक का

पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. घीया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ चिकित्सकों की एक विशेष कमेटी गठित की गई है. यह कमेटी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है. हालांकि एक मरीज की हालत गंभीर है, लेकिन उसे पहले से कई अंगों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं भी हैं.

वहीं, एसपी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि एक्यूट किडनी इंजरी के कई संभावित कारण हो सकते हैं. फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *