Home » खेल » देशनोक की छात्राओं ने हॉकी में लहराया परचम, 8 का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

देशनोक की छात्राओं ने हॉकी में लहराया परचम, 8 का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

अबतक इंडिया न्यूज 28 सितंबर देशनोक । राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, देशनोक की छात्राओं ने 70वीं जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने दो पदक अपने नाम किए, वहीं उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की 8 छात्राओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।

19 वर्ष आयु वर्ग में खुशी, ममता, भावना, स्नेहा एवं भावना तथा 17 वर्ष आयु वर्ग में विद्या, लक्ष्मी एवं खुशबू का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।

छात्राओं की इस उपलब्धि पर नवनिर्वाचित चेयरमैन श्रीमती सरिता मूंधड़ा विद्यालय पहुंचीं और चयनित एवं पदक विजेता छात्राओं को पदक पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं को आगे भी निरंतर मेहनत और अभ्यास करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संतोष बाच्छल ने छात्राओं के नियमित अभ्यास और खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता बताई। इस पर चेयरमैन श्रीमती सरिता मूंधड़ा ने जल्द से जल्द विद्यालय को खेल मैदान उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *