अबतक इंडिया न्यूज 28 सितंबर बीकानेर । कोलायत विधानसभा क्षेत्र के दूर-दराज और अंतिम छोर पर बसे गांवों में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान होने जा रहा है। मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2026-27 के अंतर्गत गजनेर और कोलायत लिफ्ट परियोजनाओं को सुदृढ़ करने के लिए ₹58.04 करोड़ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर स्वीकृति हेतु राज्य सरकार को भेजी गई है।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री के समक्ष प्रमुखता से मांग रखी थी। सरकार द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए इन महत्वपूर्ण कार्यों को बजट घोषणा में शामिल किया गया।

परियोजना की मुख्य विशेषताएं एवं प्रस्तावित कार्य:
लागत व दायरा: ₹58.04 करोड़ की लागत से 63 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।बुनियादी ढांचा: 97 किलोमीटर लंबी डी.आई. पाइपलाइन बिछाई जाएगी।निर्माण कार्य: 03 नए पम्प हाउस, 03 स्वच्छ जलाशय तथा 02 नई पानी की टंकियों का निर्माण होगा।
क्षेत्रवार लाभ की योजना:
खिखनिया एवं आसपास का क्षेत्र: खिखनिया में नया पम्प हाउस व स्वच्छ जलाशय बनाया जाएगा। साथ ही खिखनिया और खजोड़ा में पानी की टंकियां बनेंगी, जिससे खिखनिया, खिन्दासर, भेलू, खजोड़ा और हनुमाननगर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
हदां पम्प हाउस नेटवर्क: हदां पम्प हाउस से नई लाइन बिछाकर सियाणा, नेणिया, बाला का गोल, खाखुसर, खेतोलाई मुलवान, लोहिया, लम्माणा मुलवान और लम्माणा भाटियान में जलापूर्ति सुधारी जाएगी।
गंगापुरा क्षेत्र: गजनेर-खारी फांटे से गंगापुरा तक विशेष पाइपलाइन बिछाकर गंगापुरा में जलहौद व पम्प हाउस का निर्माण होगा, जिससे गंगापुरा, मोटावतान और पिलाप क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
विधायक भाटी ने विश्वास व्यक्त किया कि डीपीआर की स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य त्वरित गति से शुरू कराए जाएंगे ताकि हर घर तक नियमित और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।












