अबतक इंडिया न्यूज 8 अगस्त देशनोक। नेशनल हाईवे-62 पर पलाना पुलिया के पास केमिकल फैक्ट्री के समीप शुक्रवार रात करीब दस बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अचानक सड़क पर आए सांड को बचाने के प्रयास में दो ट्रेलर आपस में आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही देशनोक थाना पुलिस और देशनोक नगरपालिका की टीम फायर ब्रिगेड के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए ट्रॉमा सेंटर भिजवाया।
हादसे के बाद राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया था। देशनोक पुलिस के एएसआई लेखराम और पालिका जमादार भंवर लाल की अगुवाई में टीमों ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस और नगरपालिका की संयुक्त मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को पुनः सुचारु कराया गया।











