Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » देशनोक: 8 महीने से अटका बालिका स्कूल का निर्माण, 800 छात्राएं महज 7 कमरों में पढ़ने को मजबूर

देशनोक: 8 महीने से अटका बालिका स्कूल का निर्माण, 800 छात्राएं महज 7 कमरों में पढ़ने को मजबूर

अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 26 जुलाई । देशनोक स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय का नया भवन निर्माण कार्य पिछले आठ महीनों से अधर में लटका हुआ है। निर्माण कार्य ठप रहने के कारण विद्यालय में पढ़ने वाली लगभग 800 छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्राएं महज 7 कमरों वाले पुराने और जर्जर भवन में भेड़-बकरियों की तरह बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

इस गंभीर जनसमस्या और बालिकाओं के भविष्य को देखते हुए देशनोक के पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद लक्ष्मण दान ने राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ रहा प्रतिकूल असर

शिक्षा मंत्री को भेजे पत्र में लक्ष्मण दान ने बताया कि विद्यालय भवन का निर्माण कार्य अचानक बंद कर दिया गया है और लंबे समय से एक इंच भी काम आगे नहीं बढ़ा है। एक तरफ जहां राज्य सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर बुनियादी सुविधाओं के अभाव में 800 छात्राओं का शैक्षणिक वातावरण पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। मात्र 7 कमरों में इतनी बड़ी संख्या में बालिकाओं के लिए कक्षाओं का संचालन और बैठने की उचित व्यवस्था करना अत्यंत कष्टदायक साबित हो रहा है।

पूर्व पार्षद ने की ये प्रमुख मांगें:

  1. उच्च स्तरीय जांच: स्कूल भवन के अधूरे पड़े निर्माण कार्य की तुरंत निष्पक्ष जांच करवाई जाए कि काम क्यों रोका गया।
  2. समयबद्ध निर्माण: ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पुनः शुरू कराया जाए।
  3. वैकल्पिक व्यवस्था: नया भवन बनने तक छात्राओं की पढ़ाई सुचारू रखने के लिए पर्याप्त वैकल्पिक कक्षाओं और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।

लक्ष्मण दान ने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर देशनोक की बेटियों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए सरकार व शिक्षा विभाग को इस पर त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *