अबतक इंडिया न्यूज नीमराणा 12 मई । नीमराणा थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से देशी कट्टा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 मई 2026 को थाना नीमराणा पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आईटीआई कॉलेज के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और उसके पास अवैध हथियार हो सकता है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितिक पुत्र राजेश उर्फ संतोष निवासी गुगा कॉलोनी नीमराणा, उम्र 22 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसकी जींस की जेब से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया। कार्रवाई थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।










