अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 17 नवम्बर। उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और पेट्रोल-डीजल की सही माप सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में पेट्रोल पंपों के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 एवं राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम, 2011 के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत सोमवार और मंगलवार को जांच दलों ने जिले के 8 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पेट्रोल एवं डीजल की निर्धारित मात्रा से कम आपूर्ति किए जाने संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 4 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया।
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आगामी दिनों में भी राजस्थान भर में पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना, पेट्रोल-डीजल की सही माप-तौल सुनिश्चित करना तथा आमजन को पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।












