अबतक इंडिया न्यूज देशनोक 25 सितंबर । राजकीय महाविद्यालय देशनोक में विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय चेतना तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘वंदे मातरम्’ के 150 वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।महाविद्यालय के प्रभारी चन्द्र प्रकाश मेघवाल ने बताया कि कार्यक्रम के पहले चरण में सुबह 11:00 बजे महाविद्यालय परिसर में समस्त स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा तथा मातृभूमि के प्रति सम्मान व कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के दूसरे चरण में महाविद्यालय के नशा मुक्ति केंद्र के प्रभारी कार्तिकेय शर्मा के संचालन में नशा मुक्ति एवं जागरूकता विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता किशोर कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया।












